- दोपहर में निकली धूप तो लोगों को मिली राहत

- 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा पटना का अधिकतम तापमान, 9.4 डिग्री रहा न्यूनतम

PATNA :

लगभग एक सप्ताह बाद मंगलवार को प्रदेश के मौसम में काफी सुधार देखा गया। राजधानी का अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस चढ़ गया। पछुआ हवा चलने के कारण मंगलवार को आकाश में छाए बादल छंटे एवं कोहरे में कुछ कमी आई। दोपहर में हल्की धूप निकली तो अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई। बुधवार को भी मौसम में सुधार की उम्मीद है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार के अनुसार पछुआ चलने के कारण मंगलवार को प्रदेश के आकाश से बादल कुछ छंटे हैं। वहीं वातावरण में कोहरे का प्रभाव भी कम हुआ है। धूप निकलने से वातावरण में थोड़ी गर्मी आई। इससे पटना एवं गया के अधिकतम तापमान में उछाल देखा गया। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं सोमवार को यह 15.2 डिग्री था। राजधानी में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी की हवा में आर्द्रता 97 फीसद रही।

गया में मंगलवार को अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया में मंगलवार को भी कोहरा छाया रहा। वहां के मौसम में भी बुधवार को सुधार होने की उम्मीद है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोल्ड डे मंगलवार को समाप्त हो गया।

आज न्यूनतम तापमान में आएगी गिरावट : पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एसके पटेल के अनुसार बुधवार को राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार हैं। बुधवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। पश्चिमी से चलने वाली हवा के कारण राजधानी का आकाश साफ रह सकता है।

Posted By: Inextlive