- महिला ने जबरन थाने पर बुलाकर तहरीर लेने का पुलिस पर लगाया आरोप

- पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहना चाहती है महिला

SAHJANWA: सहजनवां क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस पर प्रेमी को छेड़छाड़ का आरोपी बनाकर गिरफ्तार करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसके घर वालों के कहने पर पुलिस ने उसे थाने पर बुलाया और जबरन प्रेमी के खिलाफ तहरीर ले ली। फिर उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को महिला ने पुलिस को चुनौती दी कि वह अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। पुलिस की ज्यादती के खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों तक गुहार लगाएगी।

परिजनों ने कर दी शादी

क्षेत्र की युवती कालेसर के एक युवक से प्रेम करती थी। प्रेमी के अलग समुदाय का होने के कारण युवती के परिजन इस प्रेम के खिलाफ हो गए। इस पर आठ माह पहले घर वालों की मर्जी के खिलाफ प्रेमी प्रेमिका फरार हो गए। परिजनों ने फोन पर लड़की से वादा किया कि वह घर लौट आए। उसकी शादी उसके प्रेमी से ही कर दी जाएगी। काफी मान मनौव्वल के बाद दोनों घर वापस लौटे।

मुकर गए परिजन

घर लौटने के बाद परिजन अपने वादे से मुकर गए और लड़की पर बंदिशें लगा दी। कुछ माह बाद ही कहीं और शादी कर दी। ससुराल में जाकर भी युवती प्रेमी को नहीं भूली। इस बात को ससुराल वाले भी जान गए। दोनों पक्षों में इस बात को लेकर पंचायत भी हुई लेकिन लड़की नहीं मानी। ससुराल में ही उसने अपने दाहिने हाथ की नस काट ली। इसके बाद ससुराल के लोग उसे मायके पहुंचा दिए।

मिलती रही प्रेमी से

मायके आने के बाद भी वह प्रेमी से मिलती रही। परिजनों ने काफी समझाया लेकिन वह तैयार नहीं हुई। आरोप है कि परिजनों के कहने पर पुलिस ने दबाव बनाया और प्रेमी प्रेमिका को थाने उठा ले गई। पुलिस ने प्रेमिका को धमकाकर उससे प्रेमी के ही खिलाफ छेड़छाड़ की तहरीर ले ली। आनन-फानन में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के सामने ही लॉकअप के पास प्रेमी से प्रेमिका ने वादा किया कि वह हमेशा उसके साथ ही रहेगी। प्रेमिका ने पुलिस के खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने की बात कही है।

महिला की तहरीर के आधार पर छेड़छाड़ का केस दर्ज कर युवक को गिरफ्तार किया गया है। दबाव में तहरीर लेने की बात गलत है।

- यादवेन्द्र बहादुर पाल, प्रभारी निरीक्षक

Posted By: Inextlive