भोपाल में एक दूध विक्रेता ने तंबाकू चबा कर सार्वजनिक जगह पर थूक दिया था। इसके लिए उस पर 2500 का जुर्माना लगा और सजा के तौर पर अपनी थूकी हुई जगह को उसे खुद ही साफ भी करना पड़ा।

भोपाल (एएनआई)। भोपाल में एक दूध विक्रेता पर तंबाकू चबाने के बाद थूकने के लिए 2,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम की एक टीम ने शहर के शब्बन चौराहा क्षेत्र में अपराध के लिए दूध विक्रेता अब्दुल रफीक के रूप में पहचाने गए व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। सजा के रूप में रफीक को अपनी थूकी हुई जगह को खुद ही साफ करना पड़ा। बता दे कि कोरोनो वायरस के फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लागू रहने के दौरान थूकने पर जुर्माना लगाया गया है।

अब तक इतने मामले और मृत्यु हो चुकी दर्ज

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार गुरुवार को 7 मई को अपडेट हुए काेरोना वायरस मामलों की संख्या 52,952 हो गई है। इसमें 1,783 लोगों की जान भी जा चुकी है। वहीं वर्तमान में पूरे देश में कोरोना वायरस के करीब 35,902 सक्रिय मामले हैं जबकि 15,266 कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज ठीक हो गए हैं और उन्हें छुट्टी भी दे दी गई। वहीं एक मरीज पलायन कर गया।

सबसे ज्यादा इन राज्यों में मामले

देश में सबसे ज्यादा मरीजों की संख्या महाराष्ट्र में है। यहां अब तक 16,758 मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद गुजरात में 6,625 कोरोना वायरस के मरीज दर्ज हुए हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में 5,532 मामले अब तक सामने आए हैं। दिल्ली में भी कोरोना वायरस की रफ्तार तेजी से बढती जा रही है। यहां पर 24 घंटे में 428 नए कोरोना वायरस मामले सामने आए हैं।

Posted By: Vandana Sharma