- धर्मपुर और शाहपुर एरिया में कोरोना पॉजिटिव के मिले दो केस

- एरिया में नहीं हो रहा सेनेटाइजेशन, घर के बाहर फेंका जा रहा कूड़ा

GORAKHPUR: हॉट स्पॉट धर्मपुर और शाहपुर में अभी तक न तो सेनेटाइजेशन कराया गया है और ना ही कूड़ा उठाया जा रहा है। वहीं, जिस घर में कोरोना पॉजिटिव केस मिला है, उसी घर से बाहर कूड़ा भी फेंका जा रहा है। ऐसा हम नहीं कर रहे हैं। बल्कि मोहल्ले के लोगों का कहना है। उनका कहना है कि यहां के हालात ठीक नहीं हैं। मोहल्ले में सफाई कर्मी झाड़ू तक नहीं लगा रहे हैं। वहीं, कई जगहों से कूड़ा तक नहीं उठाया जा रहा है। मोहल्ले के लोग बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। एरिया की सफाई और सैनिटाइजेशन कराने के लिए कई बार कंप्लेन भी किया जा चुका है लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। वहीं, कोरोना वायरस को लेकर एरिया में डर का माहौल है।

धर्मपुर एरिया में कूड़ा

धर्मपुर एरिया में घर के बाहर कूड़ा फैला हुआ है। कूड़ेदान होते हुए भी कर्मचारियों ंव लोगों द्वारा कूड़ा सड़क पर ही फेंक दिया जाता है। स्थानीय निवासी सलीम ने बताया कि एरिया में एक दिन पूर्व दो कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। उसके बाद से दो घरों को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। इन घरों से कूड़ा सीधे सड़कों के बाहर फेंक दिया जा रहा है। वहीं, निगम के कर्मचारी कंप्लेन के बाद भी कूड़ा उठाने नहीं आए।

फोन के बाद भी नहीं सुनते जिम्मेदार

मनोज सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को फोन किया जाता है, फिर भी कोई ध्यान नहीं देता है। कूड़ा सड़क पर फैला रहता है। लगभग आधी सड़क कूड़े से भरी पटी है। इससे राहगीरों को समस्या तो होती ही है। वहीं, जानवरों का जमावड़ा भी सड़क पर लगा रहता है। उधर सफाई न होने से कोरोना वायरस को लेकर भी डर बना रहता है।

हॉटस्पाट एरिया में नहीं आ सकती एंबुलेंस

मुहल्लें वालों ने बताया कि हॉटस्पाट एरिया में एंबुलेंस तक नहीं आ सकती है। डिलीवरी बॉय भी नहीं आ सकता है। हम लोग सामान भी लेने जा नहीं सकते। इतना ही नहीं सड़क पर पड़ा कूड़ा भी नहीं उठाया जा रहा है। जिस घर में कोरोना पॉजिटिव मिला है उसके घर के पास कूड़े का अंबार लगा हुआ है। लोगों ने कहा कि कोरोना से नहीं तो कूड़े से ही मर जाएंगे।

30 हजार लीटर से ज्यादा छिड़काव

बाजार खुलने और हॉटस्पॉट की संख्या बढ़ने के बाद नगर निगम ने बड़े टैंकरों से सोडियम हाइपोक्लोराइड का घोल बनाकर छिड़काव शुरू किया है। अलहदादपुर, बसंतपुर, बेतियाहाता, रसूलपुर, झरना टोला, रजही आदि एरिया में 30 हजार लीटर से भी ज्यादा घोल का छिड़काव कराया जा चुका है। मकानों को सैनिटाइजेशन कराने के साथ ही सड़कों को भी सैनिटाइज कराया गया है।

कोट्स

कोरोना वायरस का खतरा है। फिर भी एरिया की सफाई पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कंप्लेन करने पर भई कोई नहीं सुनता है।

कृष्णा नंद मौर्य

सिटी के कई एरिया में कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। इसे लेकर लोग दहशत में हैं। साफ-सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह से चौपट है। जिम्मेदार जान कर भी अंजान बने हैं।

अनिकेत श्रीवास्तव

हॉटस्पॉट एरिया में गंदगी रहती है सफाई भी नहीं होती है। वहीं, जिस घर से कोरोना पॉजिटिव केस मिला है उसी घर से सड़क पर कूड़ा भी फेंका गया है। लेकिन नगर निगम सफाई कराना जरूरी नहीं समझता है।

सैफी

कोराना वायरस से पूरा देश संक्रमित है। ऐसे में लोगों को खुद अवेयर रहने की जरूरत है। जिम्मेदारों को भी लोगों की सेफ्टी पर ध्यान देना चाहिए।

सुनील कुमार

वर्जन

हॉटस्पॉट वाले एरिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जहां कहीं भी कोरोना पॉजिटिव के केस मिल रहे हैं। उस एरिया का सैनिटाइजेशन के साथ साफ-सफाई कराई जाती है। कर्मचारी डेली कूड़ा उठाते हैं। यदि कूड़ा उठाने में लापरवाही की जा रही है तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।

डॉ। मुकेश रस्तोगी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम

Posted By: Inextlive