मकान मालिक की सूचना पर मौके पर पहुंची सुखदेवनगर पुलिस

रांची : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित आनंद नगर में रहने वाले मनीष कुमार का शव बंद कमरे से मिला है। शनिवार की शाम चार बजे पुलिस ने मनीष का शव कमरे से बरामद किया है। मनीष के मकान मालिक की सूचना पर सुखदेवनगर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने कमरे की जांच की, इसके बाद शव को कब्जे में लिया है। सुखदेवनगर इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हर्ट अटैक प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो पाएगा।

आवाज लगाई, नहीं मिला जवाब

पुलिस के अनुसार मनीष कुमार शुक्रवार की रात कमरे में सोने गया। दूसरे दिन शनिवार को कमरा का दरवाजा नहीं खुला, तो मकान मालिक ने आवाज लगाई। कमरे के अंदर से कोई जवाब नही मिला, तो मकान मालिक को शक हुआ। इसके बाद मकान मालिक ने मामले की जानकारी सुखदेवनगर पुलिस को दी। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो देखा कि कमरे में बेड़ पर मनीष का शव पड़ा हुआ है।

Posted By: Inextlive