राजधानी रांची में अभी और बढ़ेगा टेम्प्रेचर. हीट वेव चलने की आशंका मौसम विभाग ने किया अलर्ट. अस्पतालों में भी बढ़ी मरीजों की संख्या. बढ़ती गर्मी में हेल्थ का ख्याल रखना जरूरी.


रांची(ब्यूरो)। टेम्प्रेचर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सिटी में पड़ रही भीषण गर्मी से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में मौसम में विभाग ने रांची समेत अन्य जिलों में भी अलर्ट जारी किया है। विभाग की मानें तो अभी तीन-चार दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग की ओर से 21 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब तक जा सकता है। मौसम विभाग ने 11 से चार बजे तक घर से नहीं निकलने की सलाह दी है। ज्यादा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।हीट वेव के आसार


मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी झेलनी होगी। कुछ जगहों पर हीट वेव चलने की भी आशंका है। अभिषेक आनंद ने कहा कि राजधानी रांची के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। यहां के लोगों को भी लू जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। रांची का अधिकतम तापमान 2-3 दिन के भीतर 40 डिग्री होने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान भी 25 से 26 डिग्री के बीच रहेगा। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से गर्मी से बचाव के लिए कई सुझाव भी जारी किए गए हैं। बढ़ी मरीजों की संख्या बढ़ती गर्मी के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। ओपीडी में बुखार, दस्त, गले में दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या 30 प्रतिशत तक बढ़ी है। रिम्स ओपीडी में हर दिन इलाज के लिए करीब 350 मरीज पहुंच रहे हैं। आम दिनों में यह संख्या कम रहती है। दूसरी ओर सदर हॉस्पिटल समेत अन्य प्राइवेट हॉस्पिटल में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। डिहाइड्रेशन का है खतरा

बढ़ती गर्मी में सेहत का ख्याल रखना भी जरूरी है। मौसम विभाग की तरफ से न निकलने की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में खुद का ख्याल ना रखना आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकता है। आप डिहाइड्रेशन के भी शिकार हो सकते हंै। होमियोपैथ और एलोपैथ के जानकार डॉ यूएस वर्मा कहते हैं कि गर्मी में खुद का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। इस मौसम में छोटी सी भूल भारी पड़ सकती है। आपको अस्पताल के चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं। गर्मी के मौसम में लोगों को कम से कम चार लीटर पानी हर दिन पीना चाहिए। ऐसा कर आप डिहाइड्रेशन से बच सकते है। डायट में लें पानी वाला खाना डायट में ऐसे खाने का इस्तेमाल करें जिसमें 70 से 90 फीसदी पानी हो। जैसे तरबूज, खरबूज व पपीता फायदेमंद हो सकते हैं। इससे गर्मी के लिए जरूरी न्यूट्रिएंट्स जैसे विटामिन एबीसी, फोलिक एसिड, विटामिन बी 16 जरूरी पोषक तत्क मिलते हैं। नारियल पानी भी गर्मी में काफी फायदेमंद रहता है। घर से बाहर निकलें तो सिर और कान को पूरी तरह ढक कर रखें। क्योंकि सिर के माध्यम से हीट बॉडी में प्रवेश करता है। सिर को अच्छे से ढककर रखने से लू लगने की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। वहीं, लू से बचने के लिए कच्चा आम का आम रस और आम पन्ना भी फायदेमंद होता है। बाहर जाते समय रहें अलर्ट

डॉ वर्मा ने कहा कि बेवजह तेज धूप में बाहर जाने से लोगों को बचना चाहिए। जरूरी काम पडऩे पर ही धूप में बाहर निकलें और यदि धूप में बाहर जा ही रहें है तो आपको कुछ सावधानियां जरूर बरतनी चाहिए। जैसे की बाहर जाते समय हल्के कपड़े, हल्के रंग के कपड़े, ढीले, सूती कपड़े पहनें। चश्मे, छाता, टोपी जैसी चीजों के साथ ही बाहर निकलें। साथ ही ध्यान रखें कि बच्चों को दिन में बाहर खेलने से रोकें। बाहर का तला भूना, मसालेदार और बासी खाना खाने से बचें। गर्मी में बाहर जाते समय सनस्क्रीन लगाना ना भूलें। क्योंकि सूरज की हानिकारक किरणों के कारण स्किन को नुकसान पहुंच सकता है। धूप से स्किन टैन, सनबर्न की प्रॉब्लम हो सकती हैं। इसलिए बाहर जाते समय सनस्क्रीन जरूर लगाएं। ध्यान रखें कि सनस्क्रीन लगाने के 15 मिनट बाद ही घर से बाहर निकलें।

Posted By: Inextlive