RANCHI : रांची पुलिस ने आजसू जिला उपाध्यक्ष रौशन लाल महतो का हत्या के आरोपी अताउल्ला पकड़ा गया है.डीएसपी सदर विकास चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने नामजद आरोपी अताउल्लाह को बिहार के नवादा से गिरफ्तार किया। पुलिस उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है। अताउल्ला चुटू गांव का रहनेवाला है। पुलिस उससे हत्यकांड के कारणों के बारे में जानकारी ले रही है। इधर, आजसू पार्टी ने हत्या के आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।

बदलता रहा था लोकेशन

रौशन की हत्या करने के बाद अताउल्लाह अपना लोकेशन लगातार बदलता रहा। पहले टाटीसिलवे और फिर रामगढ़ के बाद अंत में बिहार चला गया था, जहां से पुलिस उसे पकड़कर लाई है। इधर, रोशन हत्याकांड में मेसरा ओपी में तीन अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है। अताउल्लाह की गिरफ्तारी के बाद शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई जारी है।

23 डिसमिल जमीन को लेकर था विवाद

मेसरा ओपी क्षेत्र की फुरहुराटोली केदल में गुरुवार को हुई आजसू के रांची जिला उपाध्यक्ष रोशनलाल महतो की गला रेतकर हत्या के पीछे जमीन विवाद सामने आ रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि चुट्टू निवासी अताउल्लाह से रोशनलाल महतो का 23 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजन का आरोप है कि इसी जमीन के विवाद में रोशनलाल महतो की हत्या की गई है। गौरतलब है कि इस गुरुवार को आजसू पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रोशन लाल महतो का शव बरामद किया गया था। उसकी गला रेत कर हत्या की गई थी।

Posted By: Inextlive