- दून पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का हुआ वेलकम

- कांग्रेस व राहुल गलत वक्तव्य देकर देश को कर रहे गुमराह

>DEHRADUN: भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार दून पहुंचे। जहां जौलीग्रांट से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक उनका जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने प्रदेश मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गलत वक्तव्य देकर राहुल गांधी व कांग्रेस देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस व राहुल गांधी को एक्सपोज करने का आह्वान किया। उन्होंने क्वांटीटि नहीं, क्वालिटी वाले कार्यकर्ताओं का चयन करने के लिए कहा। उन्होंने कार्यक्रमों की रस्म अदायगी न करने के साथ ही हर प्रोग्राम में 5 नए कार्यकर्ताओं को शामिल करने का प्रयास करने को कहा। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगठन की मजबूती के लिए पुराने कार्यकर्ताओं से मिलने, उन्हें सम्मान देने व प्रभावशाली लोगों को पार्टी में जोड़ने पर भी जोर दिया। कहा, बूथ सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इस पर स्पेशल फोकस करना होगा। कहा कि मीडिया जेएंडके की महत्वपूर्ण घटनाओं को छिपाता रहा है। जिनको हमें समाज के बीच में ले जाना होगा। 106 ऐसे कानून जिनके न होने से जम्मू कश्मीर में जीवन नर्क बना हुआ था। वे कानून 370 हटने के बाद लागू किए गए। जम्मू कश्मीर में पंचायत बीडीसी के चुनाव में 300 में से 81 सीटें भाजपा को प्राप्त हुई। जबकि कांग्रेस को एक मात्र सीट मिली। इनका भी हमें आमजन तक प्रचार करना होगा।

35 वर्ष पहले दून पहुंचे थे जेपी नड्डा

1984 में जब प्रेमचंद अग्रवाल डीएवी कॉलेज से चुनाव लड़ रहे थे, तब जेपी नड्डा चुनाव प्रचार के लिए दून आए थे। सीएम ने कहा कि अब राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष 35 वर्षो बाद दून पहुंच रहे हैं। इससे साफ होता है कि एक साधारण कार्यकर्ता भी इस मुकाम पर पहुंच सकता है।

स्पीकर, सीएम और मंत्रियों ने िकया वेलकम

सुबह साढ़े नौ बजे भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके वेलकम के लिए कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिनमें स्पीकर प्रेमचन्द अग्रवाल, सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट, प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार, मेयर सुनील उनियाल गामा, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, अरविंद पांडे, डा। धन सिंह रावत, रेखा आर्य के अलावा कई विधायक व पार्टी के पदाधिकारी और नेता शामिल रहे।

लाइन में खड़े होकर दिया इंट्रोडक्शन

जेपी नड्डा के वेलकम के दौरान सभी ने लाइन में खड़े होकर अपना इंट्रोडक्शन दिया। उसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का काफिला डोईवाला चौक की तरफ निकला। जहां फूलों की बारिश से उनका वेलकम किया गया। इसके बाद उनका काफिला रिस्पना पुल पहुंचा। इस दौरान दुपहिया वाहनों पर भगवा साड़ी पहने महिला कार्यकर्ताओं ने उनका वेलकम किया। नेहरू कॉलोनी से ह्यूमन चेन बनाकर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालय तक जेपी नड्डा का वेलकम किया।

आज देशभर में बीजेपी का प्रदर्शन

राष्ट्रीय सहमंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि राफेल पर दिए गए गलत बयान पर राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी। इसके लिए बीजेपी सैटरडे को देशभर में प्रदर्शन करेगी। उत्तराखंड में भी कांग्रेस के खिलाफ हर डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर में प्रदर्शन किया जाएगा।

संविधान पर संगोष्ठी होंगी आयोजित

शिव प्रकाश ने बताया कि 26 नवंबर से एक वर्ष तक संविधान वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। दोनों सदनों का ज्वाइंट पार्लियामेंट्री सेशन भी लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। सभी बूथों पर स्क्रीन लगाकर दिखाने की कोशिश की जाएगी और संविधान पर संगोष्ठी की जाएगी। कहा, स्व। अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिन पर हर बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सरकार अल्पसंख्यकों को दे रही सिटीजनशिप

शिव प्रकाश के अनुसार बांग्लादेश, पाक व अफगान से आए हिंदू, सिख व बौध जो भी वहां अल्पसंख्यक थे, सभी को केंद्र सरकार सिटीजनशिप देने जा रही है। जो भी व्यक्ति अपने संपर्क में हो, उनका फॉर्म भरवा सकते हैं। 2021 की जनगणना के साथ ही एनआरसी में उनका नाम दर्ज होना आवश्यक है, तभी वे भारत के नागरिक बन पाएंगे।

Posted By: Inextlive