- लाल बहादुर मर्डर के आरोपी ने किया सरेंडर

- मारपीट के पुराने मामले में गया जेल, रिमांड पर लेगी कैंट पुलिस

GORAKHPUR: लाल बहादुर यादव मर्डर के आरोपी ने बृहस्पतिवार को सरेंडर किया। कैंट पुलिस को चकमा देकर वह कोर्ट पहुंचा। खोराबार थाने में दर्ज मारपीट के पुराने मामले में सरेंडर करके जेल चला गया। अभियुक्त को अरेस्ट करने में नाकाम कैंट पुलिस उसको रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई मामलों का खुलासा हो सकता है।

यूनिवर्सिटी के सामने किया था हमला

20 मई 2014 को यूनिवर्सिटी गेट के सामने बदमाशों ने लाल बहादुर को गोलियों से भून दिया। रात में करीब पौने नौ बजे तारामंडल स्थित घर लौट रहे लाल बहादुर की लग्जरी गाड़ी पर फायर झोंका। वारदात में पहले चंदन सिंह का नाम सामने आया। बाद में विनोद उपाध्याय गैंग के शामिल होने के सबूत मिले। तत्कालीन एसएसपी आकाश कुलहरि ने विनोद उपाध्याय और उसके साथियों को अरेस्ट करके वारदात का खुलासा किया। बताया कि चिडि़याघर के निर्माण के लिए चल रही मिट्टी पटाई में लाल बहादुर का हस्तक्षेप कर रहा था, जिसकी वजह से उसका मर्डर हुआ।

बाइक से फालो कर रहा था अवनीश

आरोप है कि विनोद ने धनंजय तिवारी, मुकेश शुक्ला, पंकज लोचन मिश्रा, अवनीश पांडेय, दीपक मिश्र और अचिंत मिश्र के साथ मिलकर लाल बहादुर को मिटाने की योजना बनाई। 20 मई को मौका देखकर बदमाशों ने हमला कर दिया। लाल बहादुर की रेकी विनोद ने खुद की। विनोद के इशारे पर मुकेश शुक्ला और धनंजय ने कार्बाइन से गोली दागी। लग्जरी गाड़ी से विनोद उपाध्याय, सजन लाल गुप्ता, रिंकू , प्रिंस चंद, राम अचल यादव, अचिन्तय पांडेय और दीपक मिश्र अगल बगल चलते रहे। एक बाइक पर अवनीश पांडेय और पंकज लोचन मिश्र भी लाल बहादुर को फॉलो कर रहे थे। इसलिए पुलिस ने उसको मर्डर की साजिश रचने का आरोपी बनाया।

पुराने मामले में आराम से किया सरेंडर

एक-एक करके पुलिस ने कई आरोपियों को अरेस्ट कर लिया, लेकिन अवनीश पांडेय पर शिकंजा नहीं कस सकी। वह शहर में आराम से घूमता रहा। मारपीट के मामले में रामगढ़ताल चौकी पर उसकी शिकायत हुई। बावजूद इसके पुलिस की नजर उस पर नहीं पड़ी। खोराबार में दर्ज मारपीट, जानमाल की धमकी देने के मामले में पुलिस उसके पीछे पड़ गई। इससे बचने के लिए उसने सरेंडर की योजना बनाई। बृहस्पतिवार की दोपहर कोर्ट नंबर 17 में उसने सरेंडर कर दिया। अवनीश के सरेंडर की सूचना पर कैंट पुलिस पहुंची लेकिन तब तक वह हाथ से निकल चुका था। पुलिस को देखते हुए ही अवनीश के साथी खिसक गए।

खोराबार के एक मुदकमे में अवनीश ने सरेंडर किया है। लाल बहादुर मर्डर में उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। वारदात में फरार चल रहे अन्य अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।

- श्यामलाल, एसओ कैंट

Posted By: Inextlive