शहर में हुए प्रापर्टी डीलर हत्‍याकांड में सिपाही के बेटे ने की रेकी शूटर ने अंजाम दिया काम। प्रापर्टी डीलर शहजादे की हत्या के कारणों तक पहुंची पुलिस एक बंदी। हत्यारों का भी मिला सुराग पुलिस टीमें घेराबंदी में लगीं।

ALLAHABAD: प्रापर्टी डीलर इम्तियाज उर्फ शहजादे की हत्या के संबंध में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में शामिल नाम ही घटना के कारण थे। पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के करीब पहुंच चुकी है। पुलिस ने मृतक की रेकी करके इंफॉर्मेशन जुटाने वाले सिपाही के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या को अंजाम किसने दिया? इसका सुराग भी पा चुकी है। हत्या से फायदा किसे होने वाला था? इसका भी पता चल चुका है। अब सिर्फ इनकी गिरफ्तारी बाकी है। इसके लिए टीमें लगा दी गयी हैं।

 

पांच गोलियां मारी गयी थीं मृतक को

पिछले महीने यह सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया था फूलपुर एरिया में। दिनदहाड़े एक हास्पिटल के निकट इम्तियाज अहमद उर्फ शहजादे की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गयी थी। कुल पांच गोलियां लगने से उसने आन द स्पॉट दम तोड़ दिया था। सोमवार को एसएसपी आकाश कुलहरि ने इस मामले में पकड़े गये संदीप ओझा पुत्र सुभाष चन्द्र ओझा को पुलिस लाइंस में मीडिया के सामने पेश किया। वह फूलपुर एरिया के लोचनगंज का रहने वाला है।

 

दोस्ती की खातिर लिया था रिस्क

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में संदीप ने जानकारी दी कि उसने इम्तियाज उर्फ शहजादे की रेकी करके सूचनाएं जुटाई थी। यह सब उसने मनोज तिवारी के कहने पर किया था। क्योंकि, मनोज उसका अच्छा दोस्त है। मिनट टु मिनट मूवमेंट की जानकारी के लिए उसने एक सप्ताह तक उसका पीछा किया था। घटना वाले दिन भी इम्तियाज घर से निकला था तो इसकी जानकारी उसने मनोज को दी थी। इसके बाद मनोज अपने साथी मो शादाब, एहतेशाम जैदी व तौकीर अहमद उर्फ बिच्छे के साथ घटना को अंजाम देने के इरादे से निकल गया। मनोज ने शहजादे को घेर कर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौत सुनिश्चित हो जाने के बाद वह भाग खड़ा हुआ।

 

चोरी की बाइक हुई थी इस्तेमाल

एसएसपी ने बताया कि हत्यारों ने जिस बाइक का इस्तेमाल घटना वाले दिन किया, वह चोरी की थी। बाइक धूमनगंज के रहने वाले किसी कुलदीप सिंह नामक शख्स की है। बाइक चोरी का मुकदमा थाने में दर्ज है। पकड़ा गया अभियुक्त अमेठी में तैनात हेड कांस्टेबल का बेटा है। एसएसपी की पूछताछ में संदीप ओझा ने बताया कि शहजादे और मनोज के बीच बिजनेस को लेकर विवाद हुआ था। शहजादे ने मनोज की पिटाई कर दी। दोनों के बीच विवादों को लेकर तनातनी हो गई। इस बात से नाराज मनोज ने हत्या की साजिश रची। जिसके बाद उसने मौका देख उसकी हत्या कर दी। संदीप ने बताया कि उसके साथ रेकी करने वालों में राजू मौर्या, अभिमन्यु, अतुल ओझा व कई और लोग भी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

 

एक आरोपी को पकड़ा जा चुका है। बाकियों के नाम भी मिल चुके हैं। सबकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही बाकी आरोपित भी पकड़ में आ जाएंगे.

आकाश कुलहरि

एसएसपी, इलाहाबाद

Posted By: Inextlive