केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने सपा और कांग्रेस गठबंधन पर किया प्रहार

शहर के तीनों विधानसभा सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में किया सभा को संबोधित

ALLAHABAD: केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने समाजवादी पाटी और कांग्रेस गठबंधन पर शनिवार को सीधा हमला बोला। शहर की तीन विधानसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। सबसे पहले उन्होंने नेतराम चौराहे पर सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दो लड़के एक-दूसरे को पसंद कर रहे हैं उसकी क्या वजह है। सपा नेता बताते हैं कि उनकी पार्टी कमजोर हो गई है, इसलिए साथ पसंद है। इसी सवाल पर कांग्रेसी कहते हैं कि गाड़ी चल नहीं रही है, इसलिए साइकिल पसंद है।

नहीं टिकेगा स्वार्थी गठबंधन

ईरानी बोलीं, ऐसा स्वार्थी गठबंधन ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाला। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन गरीबों का विकास कभी नहीं हुआ और न ही गरीबी दूर हुई। पांच साल में कानून व्यवस्था चौपट हो गई। प्रदेश में सिर्फ भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला रहा। महिलाओं का सम्मान और युवाओं का रोजगार खतरे में पड़ गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केन्द्र सरकार की योजनाओं का घर-घर जाकर प्रचार करें।

बच्चों के भविष्य के लिए वोट दें

उन्होंने कहा कि यदि बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाना चाहते हैं तो पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनाएं। इलाहाबाद के सांसद श्यामाचरण गुप्ता ने भी सभा को संबोधित किया। ईरानी ने शहर दक्षिणी से प्रत्याशी नंद गोपाल गुप्ता नंदी व पश्चिमी से प्रत्याशी सिद्धार्थनाथ सिंह के समर्थन में भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता मृत्युंजय तिवारी, भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयवर्धन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive