बुधवार से चैत्र नवरात्र का आरंभ हो गया. पहले दिन माता शैलपुत्री का पूजन हुआ. घर-घर घट स्थापना के साथ दुर्गा सप्तशती के पाठ की शुरुआत हुई. शक्तिपीठों में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी रही.

प्रयागराज (ब्‍यूरो)। भव्य श्रंगार से सजी माता दुर्गा की एक झलक पाने के लिए भक्त बेचैन रहे। भक्तों ने वैदिक ब्राम्हणों के मंत्रोच्चार के बीच मिट्टी में जौ बोया, उसके ऊपर घट में गंगा जल, मिट्टी, पैसा डालकर ऊपर आम का पल्लव, पान, सुपाड़ी रखकर रक्षासूत्र बांधकर उसके ऊपर रखा। मां भगवती से क्षमायाचना के साथ नौ दिनों के व्रत का संकल्प लेकर दुगर सप्तशती का पाठ किया। कइयों के घर में ब्राह्माणों ने पाठ किया। मइया की कृपा प्राप्ति को कुछ भक्तों ने अखंड ज्योति जलाई है।

संगम पर उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला
नवरात्र का प्रथम दिन होने के कारण बुधवार की भोर से संगम में स्नान का सिलसिला आरंभ हो गया। संगम के अलावा गंगा व यमुना के पवित्र जल में हजारों लोगों ने डुबकी लगाई। स्नान-ध्यान के बाद घाट पर पूजन किया। गंगाजल लेकर घर आकर नवरात्र व्रत का संकल्प लेकर पूजन किया। भक्तों ने मां भगवती से स्वयं के अंदर व्याप्त काम, क्रोध, मोह, लोभ, अहंकार जैसे शत्रुओं को नष्ट करने की कामना की। मइया से वैभव, यश-कीर्ति प्रदान करने की प्रार्थना किया। नवरात्र के दूसरे दिन गुरुवार को मां भगवती के ब्रह्माचारिणी स्वरूप का पूजन होगा। स्वरूप के अनुरूप मां का श्रृंगार करके पूजन किया जाएगा। भक्तों ने बंधवा के हनुमानजी का दर्शन कर आशीर्वाद मांगा।

शक्तिपीठों में हुआ दुर्गासप्तशती व अखंड रामायण का पाठ
आजादी के अमृत महोत्सव आयोजन की श्रृंखला मे प्रदेश सरकार द्वारा 22 से 30 मार्च तक जनपद के अलोपशंकरी देवी, कल्याणी देवी एवं ललिता देवी मंदिरों सहित अन्य चिन्हित मंदिरों में दुर्गा सप्तमी का पाठ, देवी गायन, देवी जागरण, अखंड रामायण के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को अलोपशंकरी मंदिर अलोपीबाग में इन कार्यक्रमों का आयोजन क्षेत्रीय अभिलेखागार, राजकीय पांडुलिपि पुस्तकालय संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन प्रयागराज के द्वारा किया गया। अलोपशंकरी शक्तिपीठ मंदिर अलोपीबाग एवं ललिता देवी मंदिर में लोक कलाकार उमेश कनौजिया और साथी कलाकारों द्वारा लोकगीत पर आधारित देवी गीत प्रस्तुत किया गया। सभी गणमान्य जनों और कलाकारों का स्वागत महानिर्वाणी अखाड़ा के पूज्य संत यमुनापुरीजी महाराज द्वारा किया गया।

पाठ सुनकर भक्त हुए विभोर
ललिता देवी मंदिर में मंदिर समिति के अध्यक्ष हरि मोहन वर्मा एवं महामंत्री धीरज नागर ने गणमान्य जनों और कलाकारों का स्वागत किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के संत शिवानंदगिरी जी महाराज, पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह, पांडुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर, राकेश कुमार वर्मा, हरिश्चंद्र दुबे, रमाकांत यादव, आशीष गौतम सहित संस्कृति विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति रही। कल्याणी देवी मंदिर में दुर्गा सप्तमी का पाठ, देवी गायन, देवी जागरण, अखंड रामायण के कार्यक्रमों का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा किया गया। मंदिर में कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे से लोक कलाकार रागिनी चंद्रा द्वारा लोकगीत पर आधारित देवी गीत के जरिए किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति के अनिल पाठक, ओंकारनाथ त्रिपाठी, दिलीप पाठक, रंगबाली पटेल सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी बीजेपी, राकेश कुमार वर्मा, हरिश्चंद्र दुबे सहित संस्कृति विभाग के कर्मचारियों की उपस्थित रही।

Posted By: Inextlive