- जवाहर पार्क कार मार्केट में निगम ने चलाया अभियान

-नया नाला बनाए जाने के लिए होनी थी खोदाई व्यापारियों ने विरोध कर लगाया जाम, दिया धरना

बरेली:

सिविल लाइंस स्थित जवाहर पार्क की कार मार्केट से मंडे को अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का व्यापारियों ने विरोध कर दिया। टीम नगर आयुक्त के आदेश पर नाला खोदाई करने के लिए पहुंची थी, लेकिन टीम ने जैसे ही नाला खोदाई का काम शुरू किया तभी व्यापारियों ने रोड पर जाम लगा दिया और नगर निगम मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए नगर निगम पहुंच गए। वहां पहुंचकर लोगों ने पहले तो नगर आयुक्त के ऑफिस के बाहर विरोध प्रर्दशन किया, नगर निगम में किसी अधिकारी के नहीं मिलने पर उन्होंने कर निर्धारण अधिकारी कुलदीप का घेराव किया। हालांकि अफसरों ने किसी की भी नहीं सुनी और अभियान को जारी रखा।

रोड जाम कर लगाए नारे

नगर निगम अतिक्रमण टीम प्रभारी ललितेश कुमार सक्सेना मंडे को टीम लेकर जवाहर पार्क के पास कार बाजार से अतिक्रमण हटाने गए थे। वहां पर नाला की खोदाई भी होनी थी। लेकिन जैसे ही नया नाला निर्माण के लिए खोदाई करने पहुंची तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। टीम ने लोगों को समझाने की कोशिश की और अतिक्रमण को हटवाने में सहयोग की बात की। इसके बाद भी लोगों ने विरोध बंद नहीं किया तो टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ा दिया और नाले के ऊपर लगे खोखे, दुकाने हटाकर खोदाई शुरू कर दी।

निरस्त हो सकता है आवंटन

अतिक्रमण प्रभारी ललितेश सक्सेना ने बताया कि कार बाजार रोड पर जाम की समस्या बनी हुई थी, लगातार लोगों की शिकायत आ रही थी। यहां रोड पर ही कार की वर्कशॉप चलाई जा रही है। व्यापारियों का विरोध देखते हुए नगर निगम अफसरों ने कहा कि विरोध बंद नहीं हुआ तो सभी की दुकानों को आवंटन भी निरस्त किया जा सकता है।

धरना प्रदर्शन की चेतावनी

जवाहर पार्क मार्केट में नगर निगम की करीब 70 शॉप्स हैं, व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम उनसे हर महीने किराया और टैक्स वसूलता है। दुकानों के आगे बने बरामदे का भी किराया उसमें शामिल है। इसके बाबजूद निगम दुकानों के आगे अभियान चला रहा है। व्यापारियों का कहना था कि यदि निगम ने अपना अभियान नहीं रोका तो वो नगर निगम में ही धरना प्रदर्शन करेंगे

नगर आयुक्त के आदेश पर ही यह अभियान चलाया गया था। आगे भी उनके आदेश पर शहर में कई जगहों पर अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमणकारी अपना अतिक्रमण हटा लें वरना निगम की टीम अतिक्रमण हटाएगी।

ललितेश सक्सेना अतिक्रमण प्रभारी नगर निगम

Posted By: Inextlive