- मात्र 2 एकड़ वाले गोरखपुर डिपो में खड़ी होती हैं 1200 बसें

- चलनी हैं और 137 बसें, डिपो विस्तार के लिए नहीं हो रही कोशिश

GORAKHPUR: गोरखपुर डिपो। यात्रियों की सुविधा के लिए ए ग्रेड का दर्ज प्राप्त बस डिपो। फिर भी अपनी बदहाली पर आज रो रहा है। यात्रियों का बोझ अब उससे सहन नहीं हो पा रहा है। मात्र 2 एकड़ में फैले डिपो में 1200 बसें खड़ी होती है। यात्री सुविधा के लिए 137 नई बसें चलाने की बात भी हाे रही है।

5 हजार से अधिक यात्री

यूपी रोडवेज गोरखपुर रीजन के अंतर्गत आने वाला गोरखपुर डिपो सबसे बड़ा डिपो है। मुख्यालय से इसे 'ए' ग्रेड बस अड्डा का दर्जा प्राप्त है। रेलवे स्टेशन से नजदीक होने के चलते प्रति दिन करीब 5,000 से अधिक यात्रियों का आवागमन है। वहीं 1200 से अधिक बसों का यहां से संचालन होता है, लेकिन गोरखपुर डिपो में निगम और अनुबंधित बसों की बढ़ती संख्या से डिपो छोटा पड़ता चला गया है। आलम यह है कि बसों को घुमाने के लिए या फिर आगे-पीछे करने के लिए घंटों जद्दोजहद करनी पड़ती है। इस चक्कर में रेलवे बस स्टेशन रोड पर जाम की स्थिति हो जाती है। गोरखपुर डिपो प्रबंधन के भी पसीने छूटने लगते हैं।

यह थी प्लानिंग

यूपी रोडवेज प्रबंधन के दावे के मुताबिक, गोरखपुर डिपो के विस्तार के लिए एआरएम आफिस और एसएसआई आफिस को तोड़कर उसे आलम बाग बस अड्डे की तर्ज पर निर्माण कराया जाना था। साथ ही साथ गोरखपुर डिपो के वर्कशाप को तोड़कर रीजनल वर्कशाप में मर्ज करना था। वहीं रीजनल वर्कशाप को राप्तीनगर एरिया में शिफ्ट करना था, लेकिन यह रोडवेज अधिकारियों के यह सारे दावे हवा-हवाई हो गए। स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसी में फिर से 92 नई बसों के संचालन शुरू किया जा रहा है। वहीं 45 नई अनुबंधित बसें भी चलाए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है।

ये रहीं मुश्किलें

यूपी रोडवेज गोरखपुर रीजन के अधिकारियों की मानें तो गोररखपुर डिपो के विस्तार के लिए पिछले कई साल से मुख्यालय से डिमांड करते आ रहे थे। काफी मशक्कत के बाद आदेश आया कि डिपो को निजी कंपनी को हैंड ओवर कर इसका निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया जाए, इसी बीच मुख्यालय में अधिकारियों के तबादले के चलते निजी कंपनी से करार परवान नहीं चढ़ सका। मामला ठंडे बस्ते में चला गया। हालांकि यूपी रोडवेज गोरखपुर रीजन के अधिकारियों ने फिर से डिपो विस्तार के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा है।

डिपो अनुबंधित बसें

गोरखपुर 86

देवरिया 92

निचलौल 02

सिद्धार्थनगर 02

बस्ती 10

पड़रौना 04

राप्तीनगर 22

टोटल 218

डिपो निगम की बसें

गोरखपुर रिजन 415

निश्चित तौर पर बस अड्डा काफी छोटा है। लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए नई बसों का संचालन जरूरी है। बस अड्डे का भी विस्तार कराया जाएगा।

- सुग्रीव कुमार राय, आरएम, यूपी रोडवेज गोरखपुर रीजन

Posted By: Inextlive