-कैंट एरिया में कार सवार को निशाना बनाने की हुई कोशिश

-तेल चूने की बात कहकर कार सवारों का बैग लेकर भागते हैं लुटेरे

-सूचना पर पुलिस कर रही जांच, पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं

GORAKHPUR: शहर में कार चलाते समय अचानक कोई हाथ देकर रोकने की कोशिश करे तो सजग रहने की जरूरत है। कार सवारों को तेल चूने का झांसा देकर शातिर बदमाश लूटपाट का शिकार बना सकते हैं। चार दिन पूर्व इंजीनियरिंग कॉलेज एरिया में एक कार सवार को हाथ देकर रोकने के बाद लूटपाट की कोशिश हुई। सूझबूझ का परिचय देते हुए कार सवारों ने खुद को बचा लिया। उनकी सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है। पहले भी शहर में तेल चूने की बात कहकर शातिरों ने कार सवारों को शिकार बनाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में लूटपाट और जालसाजी करने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी है।

बाईपास पर संदिग्धों ने दिया कार को हाथ

देवरिया बाईपास पर चार दिन पूर्व एक कार सवार लुटने से बच गए। रात में वह देवरिया बाईपास होते हुए इंजीनियरिंग कॉलेज की तरफ जा रहे थे। तभी अलग जगहों पर तीन संदिग्ध युवक मिले। तीनों ने उनको हाथ देकर बताया कि कार से तेल चू रहा है। दो जगहों पर कार सवार ने ध्यान नहीं दिया। लेकिन इंजीनियरिंग कॉलेज के पास कार पहुंची तो एक युवक ने हाथ दिया। उन्होंने अपनी कार रोक दी। कार से ही वह नीचे देखने लगे। तभी उनके पाए आए संदिग्ध ने पीछे का फाटक खोलकर सामान उठाने की कोशिश की। हालांकि वह लूटपाट में सफल नहीं हो पाया। फिर इसकी सूचना कार सवार ने कैंट पुलिस को दी। कैंट पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

पहले भी शहर में हो चुकी है लूटपाट

शहर में कार से तेल चूने की बात कहकर शातिरों ने कई बार लूटपाट की है। लॉकडाउन के बाद घटनाओं में कमी आई थी। लेकिन दोबारा गैंग के सक्रिय होने की सूचना से पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई। पुलिस ने शातिरों के गैंग की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि मौसम बदलने पर ऐसे शातिर सक्रिय होते हैं। इसलिए ऐसे संदिग्धों की तलाश शुरू करा दी गई है। जल्द उनको पकड़ ि1लया जाएगा।

कोतवाली एरिया में कार से उड़ाया बैग

28 जनवरी 2021 को बलिया, बैरिया के रहने वाले ठेकेदार विनोद कुमार अपने परिचित से मिलने जिला अस्पताल गए थे। दोपहर में साढ़े 12 बजे टप्पेबाजों ने उनकी कार से बैग उड़ा दिया। बैग में 10 हजार रुपए नकद, ड्राइविंग लाइसेंस, रिवाल्वर, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे।

कार रोककर लूट ली थी नकदी

23 नवंबर 2018 को शिवपुर सहबाजगंज मोहल्ला निवासी राधाकृष्ण के बेटे रविकांत को तेल चूने का झांसा देकर शातिरों ने लूटपाट का शिकार बनाया। वह किसी काम से गोलघर जा रहे थे। रेल म्यूजियम के पास बदमाशों ने उनको इशारे से बताया कि कार के इंजन से आयल लीक कर रहा है। वह रुककर इंजन की जांच करने लगे। तभी मौका देखकर टप्पेबाज कार में रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 30 हजार रुपए नकदी, पासबुक, चेकबुक और लैपटॉप था। उनकी सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखी। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

कार चलाते समय बरतें ये सावधानी

घर से कार लेकर निकलते समय पूरी तरह से चेक कर लें।

रास्ते में कोई हाथ देकर रोके तो उसकी बातों में अचानक न आएं।

कार से तेल, मोबिल या कूलेंट के रिसाव की जानकारी मिलने पर हड़बड़ी न दिखाएं।

यदि किसी तरह का संदेह हो तो आसपास किसी सुरक्षित स्थान पर कार रोकें।

रात होने पर पूरी सावधानी बरतें। झांसा देकर शातिर लूटपाट का शिकार बना सकते हैं।

कार की पिछली सीट पर आवश्यक और कीमती सामान न रखें। गाड़ी रोकने पर सतकर्1 रहें।

वर्जन

शहर के भीतर किसी भी तरह की वारदात से निपटने के लिए पुलिस को एक्टिव किया गया है। हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। संदिग्धों की चेकिंग कराई जा रही है।

सोनम कुमार, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive