-सैटरडे से बदला मुंबई की फ्लाइट का समय, फ्लाइट छूटने पर एविएशन कंपनी से लोगों ने की कंप्लेन

KANPUR: सैटरडे को कानपुर-मुंबई की फ्लाइट का समय बदलने से कई लोगों की फ्लाइट छूट गई। दरअसल, अब फ्लाइट 4 दिन की बजाय सातों दिन उड़ान भरेगी। ग्वालटोली के डॉ। जुल्फिकार अली रिजवी सैटरडे को चकेरी एयरपोर्ट पहुंचे थे मुंबई जाने के लिए लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि फ्लाइट टेकऑफ हो गई। जिसके बाद उन्होंने विमान कंपनी के ऑफिसर्स से बिना सूचना दिए फ्लाइट का समय परिवर्तित करने की शिकायत की। बावजूद इसके उन्हें टिकट का किराया वापस नहीं किया गया।

किराया नहीं होगा वापस

डॉ। जुल्फिकार ने बताया कि मुंबई में भतीजे की एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। रविवार को चालीसवां था। इसी में शामिल होने के लिए उन्होंने 20 दिन पहले ही मुंबई की टिकट बुक करा ली थी। विमान कंपनी ने अचानक समय बदल दिया और उन्हें कोई सूचना नहीं दी। जब उन्होनें विमान कंपनी के कर्मचारियों से इसकी शिकायत की तो बताया गया कि किराया वापस नहीं होगा। विमान कंपनी स्पाइस जेट के अधिकारी यशवंत रावत ने बताया कि सभी यात्रियों को समय परिवर्तन की जानकारी फोन पर अथवा वाट्सअप व ई-मेल भेजकर दी गई है।

13 नवंबर से बदल गया टाइम

दरअसल, 9 नवंबर को कंपनी की ओर से निर्णय लिया गया कि मुंबई की फ्लाइट सातो दिन उड़ाई जाएगी। 13 नवंबर से इसकी शुरूआत की गई। पहले फ्लाइट चकेरी एयरपोर्ट से 3:30 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरती थी। नए शेड्यूल में 12:45 बजे ही मुंबई के लिए फ्लाइट उड़ान भर रही है।

Posted By: Inextlive