- बड़े अस्पताल में 30 और छोटे में 10 बेड का वार्ड बनाने का आदेश

- सभी वार्ड में शुरू हुआ संचारी रोग नियंत्रण अभियान

LUCKNOW: राजधानी में संचारी रोगों के रोकथाम और जागरूकता को लेकर गुरुवार को विधायक जय देवी द्वारा काकोरी सीएचसी से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई। इसके अलावा डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया के खतरे को देखते हुए अस्पतालों को डेंगू वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सभी वार्डो में एंटी-लार्वा दवा छिड़काव के साथ डेंगू प्रभावित एरिया में ज्यादा फोकस किया जा रहा है।

अस्पतालों को वार्ड बनाने का आदेश

संचारी अभियान के नोडल इंचार्ज व एसीएमओ डॉ। केपी त्रिपाठी ने बताया कि संचारी रोगों के रोकथाम को लेकर अभियान शुरू हो चुका है। इसके अलावा सभी अस्पतालों में अलर्ट जारी कर वार्ड तैयार रखने का आदेश जारी किया गया है। इसके तहत बड़े अस्पतालों में 30 बेड और छोटे अस्पतालों में 10 बेड का वार्ड बनाने का आदेश है। साथ ही इलाज के लिए जरूरी दवाओं का पूरा स्टॉक है। डिमांड होने पर और दवा मंगवाई जा सकती है।

8 जोन के सभी वार्ड में शुरुआत

डॉ। केपी त्रिपाठी ने बताया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान राजधानी के 8 जोन के सभी वार्ड में चलाया जा रहा है। इसके तहत मलेरिया रोकथाम विभाग के करीब 75 कर्मचारियों समेत अन्य विभागों के कर्मचारी भी शामिल है, जिनकी अलग-अलग टीम बनाकर वार्ड में भेजा जा रहा है। राजधानी में इस साल करीब 36 डेंगू के केस सामने आ चुके हैं। यह अभियान पूरे जुलाई चलेगा। इसी दौरान 12-25 जुलाई तक दस्तक अभियान भी चलाया जायेगा।

Posted By: Inextlive