- टाउनहाल में सरस मेले का कमिश्नर ने किया उद्घाटन

- महिला समूहों के बनाए उत्पादों की ब्रांडिंग पर दिया खास जोर

VARANASI

महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टाउनहाल में शुक्रवार से सरस मेला शुरू हुआ। चीफ गेस्ट कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि महिला स्वावलम्बन के साथ ही उनका सशक्त होना राष्ट्रीय आजीविका मिशन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। महिला समूहों के क्रियाकलाप से उनकी आमदनी बढ़ी है। कमिश्नर ने अपील की कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए गांव-गांव जनजागरण अभियान की जरूरत है। महिलाएं सिलाई, कढ़ाई, बुनाई तैसे परम्परागत कार्यो से आगे बढ़कर इवेंट मैनेजर समेत अन्य काम करें। कमिश्नर ने प्रोडक्ट की ब्रांडिंग पर खास जाेर दिया।

दस राज्यों की महिलाएं पहुंची

बनारस में पहली बार आयोजित रीजनल सरस मेला चार नवम्बर तक चलेगा। इसमें देश के दस राज्यों और उत्तर प्रदेश के 60 जिलों की महिला स्वयं सहायता समूहों के बनाए प्रोडक्ट की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें असोम के बांस के उत्पाद, कोल्हापुरी चप्पल, बिजनौर के लकड़ी के उत्पाद, तेलंगाना, हरियाणा, उत्तराखंड आदि राज्यों के उत्पाद की प्रदर्शनी लगाई गई है। मेले में केरल के व्यंजन, राजस्थान की चूरमा बाटी, बिहार के व्यंजन समेत बनारसी खानपान के फूड स्टाल लगाए गए हैं।

बताई सक्सेस स्टोरी

कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं ने अपनी सक्सेस स्टोरी बताई। जिससे अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिली, जबकि एक महिला समूह ने प्रेरणा गीत प्रस्तुत किया। गेस्ट्स का स्वागत डीसी एनएलआरएम सुरेश केशरवानी और धन्यवाद ज्ञापन सीडीओ गौरांग राठी ने किया।

Posted By: Inextlive