Weather Forecast : देश में आज उत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहेगा और कई इलाकों में शीत लहर चलेगी। वहीं पूर्वोत्तर में कुछ इलाके बारिश से सराबोर रहेंगे। जानें आज दिल्ली पंजाब से केरल समेत अन्य राज्यों का हाल...

कानपुर। Weather Forecast : देश में एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना है। इसके अगले 48 घंटे में हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की बहुत संभावना है। वहीं भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकाें के मुताबिक आज के माैसम पर नजर डालें तो आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर राजस्थान में ठंड रहेगी। यहां पर अलग-थलग स्थानों पर शीत लहर की स्थिति की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा पूर्वोत्तर में नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, असम, मेघालय और त्रिपुरा में माैसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। यहां आज भीअलग-थलग स्थानों पर भारी बारिश के आसार है। इसके अलावा कई स्थानों पर बिजली चमकने की भी आशंका है। वहीं कोमोरिन क्षेत्र और मन्नार की खाड़ी के ऊपर तेज हवाएं चलेंगी। इन हवाओं की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ स्थानों पर बारिश के आसार

वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस जम्मू व कश्मीर के उत्तर पूर्वी भागों की ओर बढ़ रहा है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बिहार और उसके आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है। इससे झारखंड छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक के इलाके प्रभावित हो रहे हैं। बांग्लादेश और असम के हिस्सों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित है। आज हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है।पंजाब, हरियाणा, ओडिशा और उत्तर पूर्वी भारत के एक-दो स्थानों पर सुबह के समय कोहरा रहेगा। वहीं आज ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गैंगटिक पश्चिम बंगाल और दक्षिण झारखंड के एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर पूर्वी और केरल के कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

Posted By: Shweta Mishra