- कार्यकर्ताओं का दावा रैली में जुटेंगे चार लाख के करीब कार्यकर्ता

आगरा। बसपा सुप्रीमो मायावती रविवार को कोठी मीना बाजार मैदान में रैली कर विरोधियों को अपनी ताकत दिखाएंगी। वे इस रैली के माध्यम से यह साबित करने का प्रयास करेंगी कि स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोडे़ जाने और भाजपा के पूर्व नेता दयाशंकर के परिवार पर की गई टिप्पणी के बाद भाजपा द्वारा की गई घेरेबंदी का उनकी पार्टी पर कोई असर नहीं है। बसपा नेताओं ने दावा किया कि इस रैली में चार लाख के करीब कार्यकर्ता जुटेंगे।

वाटरप्रूफ बना पंडाल

कोठी मीना बाजार में रैली स्थल का मुख्य मंच लखनऊ से भेजे गई कारीगरों की टीम ने तैयार किया है। इसका सामान भी वहीं से लाया गया। बारिश को देखते हुए मैदान में वॉटर प्रूफ पंडाल बनाया गया है। साथ ही मैदान से पानी निकालने के लिए पंप की व्यवस्था की गई है।

शहर के लोग न लाए वाहन

भीड़ और गाडि़यों की पार्किंग की व्यवस्था को देखते हुए मंडल को-ऑर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़ ने शहर के कार्यकर्ताओं से वाहन न लाने की अपील की है। बसपा विधायक गुटियारीलाल दुबेश ने बताया कि छावनी विधानसभा से दो-दो हजार की टोल के रूप में रैली में भाग लेंगे। उन्होंने दावा किया है कि करीब चालीस हजार के करीब उनकी विधानसभा से कार्यकर्ता रैली में भाग लेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए गए दो हजार कार्यकर्ता

रैली में भीड़ संभालने के लिए बहुजन वॉलेंटियर फोर्स (बीवीएफ) के दो हजार कार्यकर्ता को लगाया जा रहा है। उन्हें शनिवार को आखिरी ट्रेनिंग दे दी गई। इनमें से 200 कार्यकर्ता मच के आस-पास रहेंगे। वहीं, 1400 कार्यकर्ता मैदान में फैले रहेंगे। 400 कार्यकर्ताओं को आस-पास की सड़कों पर जाम की स्थिति न बनने देने के लिए तैनात किया जाएगा।

डैमेज कंट्रोल की कोशिश

मायावती की रैली में बसपा ने भीड़ का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी कर ली है, जिससे पार्टी से निकले नेताओं से हुए डैमेज को कंट्रोल किया जा सके। आगरा और अलीगढ़ मंडल के जोनल को-ऑर्डिनेटर सुनील चित्तौड़ ने बताया कि दोनों मंडल की 40 विधानसभाओं के कैंडिडेट्स के लिए यह रैली शक्ति प्रदर्शन भी होगा। इस रैली में चार लाख से ज्यादा की भीड़ जुटाने की तैयारी हो चुकी है। मैदान से कुछ किलोमीटर दूर वाहन रोककर वहां से पैदल ही भीड़ मैदान तक आएगी।