- एत्मादपुर में मूर्ति विसर्जन पर हुआ विवाद

- लोगों और पुलिस प्रशासन में हुई झड़प

- पुलिस को पीटा, बाद में पुलिस ने किया लाठीचार्ज

आगरा। माता की मूर्ति के विसर्जन में प्रशासन और लोगों की बीच हुई बहस बड़ी झड़प में बदल गई। प्रशासन को लोगों को मूर्ति विसर्जन करने से मना करना महंगा पड़ गया। एत्मादपुर में इस विवाद पर लोगों और पुलिस प्रशासन के बीच जमकर झड़प हुई। मामला यहां तक पहुंच गया कि भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस प्रशासन को हवाई फायर करना पड़ा, आंसु गैस के गोले दागने पड़े और लाठियां भांजनी पड़ी। घटना में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है।

तय समय के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए किया मना

माता की मूर्ति विसर्जन के लिए प्रशासन ने शाम 4 बजे से 6 बजे तक का समय निर्धारित किया था लेकिन भीड़ देखते हुए यह समय 8 बजे तक बढ़ा दिया गया। शाम आठ बजे तक भी जब मूर्तियों का विसर्जन जारी रहा तो प्रशासन ने लोगों को टाइम लिमिट के बारे में कहा क्योंकि इसके बाद वहां मोहर्रम के लिए ताजिये रखे जाने थे। विसर्जन के लिए तीन मूर्तिया और बाकी रह गई थीं, उन्हें भी विसर्जित करने की जिद को लेकर लोग पुलिस प्रशासन से अड़ गए और ये बहस झड़प में बदल गई। लोगों ने एत्मादपुर सीओ सहित वहां तैनात पुलिस फोर्स की जमकर पिटाई की और हाईवे पर लंबा जाम लगा दिया।

आठ कारों में तोड़फोड़

इस दौरान लोगों ने एसडीएम सुनील वर्मा की गाड़ी के शीशे तोड़े और करीब दो दर्जन रोडवेज बस व करीब 8 प्राइवेट कारों की तोड़फोड़ की। माहौल बिगड़ता देख पीएसी फोर्स बुलाई गई। फोर्स ने लोगों को खदेड़ने के लिए हवाई फायर किया। उन पर आंसू गैस के गोले दागे और जमकर लाठी चार्ज भी किया। स्थिति सुधरने पर हाईवे पर लगा जाम हटाया गया।

--बॉक्स--

एसपीआरए ने लगाई दौड़

बवाल के दौरान पहुंची एसपीआरए बबिता साहू पहुंची। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बवालियों के आगे एक न चली। बवाली उन पर झपटे तो उन्हें दौड़ लगानी पड़ी। इधर, एसडीएम का हमराह के सिर फूट गया।