- दो अलग-अलग एरिया में हुई वारदात

आगरा। थाना ताजगंज एरिया में बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। शोरूम में काम करने वाले पुलिस कर्मी के बेटे से नगदी का बैग व फतेहाबाद रोड से एक युवक के हाथ से मंहगा मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है जबकि दूसरे मामले में जांच चल रही है।

कैश लेकर मालिक के घर जा रहा था

पुलिस लाइन निवासी दीपक कुमार के पिता प्रेम सिंह पुलिस कर्मी हैं। दीपक ताज रोड पर एक शोरूम में काम करता है। शोरूम स्वामी विभव नगर में रहते हैं। दीपक शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे बाइक से अपने साथी सोनू के साथ मालिक के घर 77 हजार कैश व चाबी देने जा रहा था। उसी दौरान विभाग नगर मे बाइक सवार बदमाश पीछे लग गए।

रॉड मारकर छीना बैग

दीपक के हाथ में लैदर का बैग लगा हुआ था। बदमाशों ने उसके सिर पर लोहे की रॉड मार दी और हाथ में लगा बैग छीन लिया। दीपक लहूलुहान अवस्था में वहीं पर गिर पड़ा। इसी के बाद पीडि़त थाना ताजगंज पहुंचा। पुलिस ने तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।

बाइक सवारों ने छीना मोबाइल

संयज नगर राजपुर चुंगी निवासी मनीष कुमार कनौजिया शुक्रवार की रात फतेहाबाद रोड पर एक होटल के सामने मोबाइल पर बात कर रहा था। उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मार कर हाथ में लगा मोबाइल छीन लिया। पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध है। मामले की छानबीन की जा रही है।