आगरा। सिटी में नशे की खेप चारों तरफ फैली पड़ी है। आई नेक्स्ट ने पूर्व में खबर प्रकाशित की थी। सिटी में किस तरह से रिक्शे आदि पर चरस सप्लाई किया जाता है इसे कैमरे में कैद किया था। पुलिस टीम इसी के बाद नशे की खेप काटने की तैयारी में जुट गई। इसी के तहत सीओ सदर की एसओजी ने चरस के माल के साथ एक युवक को पकड़ा है।

चारों तरफ नशे का कारोबार

सूत्रों की माने तो हर दूसरा युवा इस नशे की गिरफ्त में हैं। गांजे का नशा सिटी में आसानी से मुहैया हो जाता है। इसके बाद इसके शौकीन रेलवे लाइन आदि के आउटर पर अपने ठिकाने बना कर इसका आनंद लेते हैं। नशेबाजों की टोली में युवा भी शामिल होते हैं।

दिव्यांग भी बेच रहे हैं नशा

सिटी में ऐसे कई एरिया हैं जहां पर दिव्यांग नशे का कारोबार कर रहे हैं। इन पर कोई संदेह भी नहीं कर सकता। ताजगंज, सदर आदि एरिया में दिव्यांग नशा बांटने का काम कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर महिलाएं भी चरस व गांजा बेच रही हैं।

सीओ की टीम ने पकड़ा युवक

सीओ सदर की एसओजी टीम ने 600 ग्राम चरस के साथ एक युवक को अरेस्ट किया है। पुलिस के मुताबिक युवक का नाम लोकेंद्र निवासी रकाबगंज बताया गया है। पुलिस के मुताबिक युवक पहले भी चरस बेचने के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने रविवार की सुबह विभव नगर से पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक वह फुटकर में नशे का माल बेचता है।

नेटवर्क की हो रही तलाश

पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक इसके पीछे बड़ा नेटवर्क हो सकता है। चरस कहां से आ रही है। सिटी में कहां-कहां इसकी सप्लाई हो रही है। पूरी खेप कौन तैयार कर रहा है। पुलिस इसकी तलाश में जुटी है।