घरों में की जा रही विशेष तैयारी
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर घरों में तैयारियां जारी हैं। दीपावली पर रखी झालर निकालकर घरों को सजा दिया गया है। सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि गली-मोहल्ले और कॉलोनी में भी भव्य सजावट की गई है। दीपावली की तरह घरों में पूजा पाठ की तैयारियां हो रहीं हैं। फूलों के ऑर्डर दिए जा रहे हैं। दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

घर पर बनाए हैं लड्डू
रामबाग निवासी साधना ने बताया कि पूरा परिवार ही रामोत्सव की खुशियां में डूबा हुआ है। मैंने मेवा के लड्डू बनाए हैं। मैं प्रभु का आज इन्हीं लड््डू से भोग लगाऊंगी। गढ़ी भदौरिया निवासी कल्पना ने बताया कि दीपावली की तरह ही बाजार से मिट्टी के दीप खरीदकर लाए हैं। घर को दीपों की जगमग रोशनी रोशन करेंगे। फूलों के लिए अभी से ऑर्डर दे दिया गया है। घर को सुबह दीवाली की तरह फूलों से भी सजाया जाएगा। घरों में रंगोली सजाई जा रही है।

राममय हुआ शहर
सड़क, चौक-चौराहे और मंदिरों से लेकर बाजारों तक में हर जगह उल्लास नजर आ रहा है। जगह-जगह शोभायात्रा निकाली जा रहीं हैं। सरकारी दफ्तरों से लेकर घरों तक में पूजा-अर्चना और पाठ का आयोजन किया गया है।