- सूरसदन में सुबह 10 बजे से शुरू होगा प्रशिक्षण

- प्रशासन द्वारा नए वोटर बनाने को चलेगा अभियान

आगरा। आज सुबह 10 बजे से सदर तहसील के सभी बीएलओ और सुपरवाइजर का प्रशिक्षण सूरसदन में शुरू होगा। प्रशिक्षण में गैरहाजिर रहने पर एक दिन का वेतन काटा जाएगा। बता दें, पिछले दिनों डीएम गौरव दयाल ने वोटर लिस्ट के पुनर्रीक्षण से संबंधित समीक्षा मीटिंग में बीएलओ से जानकारी चाही, तो वे कुछ भी नहीं बता सके थे। इसी को ध्यान में रखते हुए बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

किस विभानसभा में किस भाग का प्रशिक्षण

एसडीएम सदर योगेन्द्र सिंह ने बताया कि बीएलओ का पुन: प्रशिक्षण का काम बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक चलेगा। प्रशिक्षण आगरा कैंट विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या एक से 425 तक, आगरा दक्षिण के भाग संख्या एक से 377 तक होगा। दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक आगरा उत्तर विधानसभा का भाग एक से 394 तक और आगरा ग्रामीण का भाग संख्या एक से 391 तक के बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

आठ से दो दिवसीय विशेष अभियान

वोटर लिस्ट में आप अपना नाम दर्ज कराना चाहते हैं, तो इसके लिए प्रशासन द्वारा आठ और नौ अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें ऐसे मतदाता जो एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकेंगे, अथवा कर चुके हैं। वे सभी अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद 22 और 23 अक्टूबर को भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को बूथ सेंटर पर कोई परेशानी होती है, तो वह अपना फॉर्म तहसील में बने मतदाता पंजीकरण केन्द्र में अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय कलेक्ट्रेट में जमा करा सकते हैं।