96 घंटे बाद भी ट्रांस यमुना, कमलानगर, बल्केश्वर समेत कई कॉलोनियों को नही मिला पानी

महिलाओं ने अफसरों का घेरा, जाम भी लगाया

आगरा। सोमवार को कड़ाके की ठंड के बावजूद आधा शहर प्यासा रहा। जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स के गेट नंबर 2 पर पाइप लाइन के चलते चौथे दिन भी ट्रांस यमुना, कमलानगर, बल्केश्वर समेत कई कॉलोनियों के तीन लाख लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुआ और नारेबाजी करते हुए मटके भी फोडे गए। अफसरों का घेराव किया गया, लेकिन लोगों को इस परेशानी से निजात नही मिली है।

जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स के गेट नंबर 2 पर सोमवार को लगातार तीस इंच की पानी की लाइन को जोड़ने का कार्य चलता रहा। छह मीटर का पाइप बदला जा रहा है। यह लाइन 70 साल पुरानी है। मरम्मत न होने के चलते ट्रांस यमुना, बल्केश्वर, कमलानगर, छत्ता के कुछ हिस्से में जलापूर्ति नहीं हो सकी। शाहदरा क्षेत्र व कालिंदी विहार में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष रोड पर आ गए। लोगों ने मटके फोड़े और पानी उपलब्ध कराने की मांग की। क्षेत्रीय वासियों ने बताया कि जल संस्थान के अफसरों से पानी के टैंकर भिजवाने की मांग की गई थी लेकिन एक भी टैंकर नहीं पहुंचा है। मजबूरन लोगों को पानी खरीदना पड़ा है। नुनिहाई, ट्रांस यमुना फेज दो में भी लोगों ने जमकर हंगामा किया। जल संस्थान और नगर निगम के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। यहां पर भी लोगों ने मटके फोड़े विरोध जताया। बल्केश्वर में भी लोगों ने जलापूर्ति न होने पर नारेबाजी की।

40 रुपये में 200 लीटर पानी की खरीद

ट्रांस यमुना क्षेत्र में सोमवार को जल संस्थान के टैंकर नहीं पहुंचे। इससे लोगों ने चालीस रुपये में 200 लीटर पानी (एक ड्रम) खरीदना पड़ा। वहीं एक बाल्टी पानी तीन रुपये में मिला।

---

आखिर कब जुडेगी मुख्य पाइप लाइन

लंगड़े की चौकी सर्विस रोड पर रविवार को भी गंगाजल की पाइप लाइन को जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स की लाइन से जोडऩे का कार्य ठप रहा। दो स्थलों पर खोदे गए गढ्डों से पानी निकालने का काम हुआ।

- सोमवार की देर रात जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स की लाइन की मरम्मत का कार्य पूरा हो गया है। जलापूर्ति भी शुरू हो गई है।

आरएस यादव, महाप्रबंधक जल संस्थान