गंभीर हालत में इलाहाबाद किया गया रेफर

PRATAPGARH: जनपद के के अंतू थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम बाइक से शहर स्थित कमरे के लिए लौट रहे बैंक मैनेजर को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बैंक मैनेजर को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां नाजुक हालत के चलते चिकित्सकों ने उन्हें इलाहाबाद रेफर कर दिया।

मूलत: जौनपुर निवासी शशांक सिंह (35) बैंक ऑफ बड़ौदा अंतू में बैंक मैनेजर के पद पर तैनात हैं। वह शहर के विवेक नगर मोहल्ले में किराए के कमरे में रहते हैं। शशांक प्रतिदिन अपनी पल्सर बाइक से बैंक जाते हैं। सोमवार की शाम करीब छह बजे वह बैंक से बाइक से कमरे के लिए लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। घटना से वहां हड़कंप मच गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बाइक सवार वहां से भाग निकले। अनुमान लगाया जा रहा है कि लूट इरादे से शशांक को गोली मारी गई। घायलावस्था में उनके इलाहाबाद रेफर होने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।