परेड के विशाल मैदान पर मोदी ने मंच से किया नया प्रयोग

लाखों की भीड़ ने मोबाइल लाइट ऑन कर आसाम की जनता को दी बधाई

vineet.tiwari@inext.co.in

ALLAHABAD: परेड के विशाल मैदान से यूपी चुनाव की शंखनाद करने आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को अपने अनोखे अंदाज में जगा गए। उन्होंने असम में बीजेपी की बहुमत की सरकार बनाने वाली जनता का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग सो रहे हैं, वह भी जाग जाएं। इसके लिए उन्होंने परेड मैदान में उमड़े जनसमूह को मोबाइल फोन की लाइट जलाकर धन्यवाद देने को कहा। देखते ही देखते हजारों की संख्या में मोबाइल की लाइटें जगमगा उठीं और चारों ओर मोदी-मोदी गूंज उठा। उन्होंने अपने भाषण में मां गंगा से आगामी चुनाव में जीत का आशीर्वाद भी मांगा।

 

कोरो मंडल राज्यों के चुनाव को बताया उपलब्धि

भाषण की शुरुआत में मोदी ने समुद्रतट से लगे कोरोमंडल राज्यों के चुनाव परिणाम को भाजपा की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा का जनादेश नहीं था वहां हमारे वोट बैंक ने विस्तार किया है। असम की जनता ने हम पर विश्वास किया और सत्ता सौंप दी। केरल में हमने एक सीट जीती। अन्य राज्यों में हमारे वोट बैंक में वृद्धि हुई। अब यूपी की बारी है। यहां सोए हुओं को जगाने के लिए आप सभी अपनी मोबाइल की लाइट ऑन कर दीजिए। अपने भाषण के समापन पर उन्होंने यही किस्सा फिर से दोहराया। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक साथ भारत माता की जय बोलेंगे लेकिन उससे पहले मोबाइल की लाइट ऑन करेंगे। इतना कहते ही परेड का विशाल मैदान एक बार फिर जगमगाने लगा।

 

इलाहाबाद को बताया विश्वास, कर्म और श्रद्धा का संगम

मोदी ने अपने भाषण में गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम को विश्वास, कर्म और श्रद्धा का संगम बताया। कहा, गंगा से विश्वास, यमुना से कर्म और विलुप्त सरस्वती से उन्हें श्रद्धा की प्रेरणा और संकल्प की अनुभूति होती है। उन्होंने प्रयागराज की धरती पर मां गंगा से यूपी चुनाव में जीत का आशीर्वाद मांगा। कहा कि यमुना की गोद में पले-बढ़े भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के जरिए पूरी दुनिया को कर्म का संदेश दिया। गंगा केवल नदी नहीं बल्कि भाजपा की विशाल यात्रा की प्रेरणा स्त्रोत हैं। मां गंगा के विशाल प्रवाह से ऊर्जा लेकर भाजपा अपने जीत की राह को प्रशस्त करेगी।

हाथ उठावाकर लगवाई सपा-बसपा गठजोड़ पर मुहर

रैली के दौरान मोदी सपा और बसपा को लेकर हमलावर थे। यहां भी उन्होंने पब्लिक कनेक्ट खोज लिया। उन्होंने कहा कि बसपा सत्ता में थी तो सपा बोलती थी कि नहीं कि सरकार भ्रष्ट है। भीड़ के हां में हाथ उन्होंने कहा कि अब सपा सत्ता में है और मायावती यही बात बोल रही हैं कि नहीं। जनता ने फिर हां में हाथ उठाया तो उन्होंने कहा कि क्या आपको नहीं लगता है कि दोनों ने पांच-पांच साल प्रदेश को लूटने का ठेका ले रखा है। पब्लिक ने हां कहा तो उन्होंने फिर से हाथ उठवाया और पूछा कि आप इन दोनों को उखाड़ फेकेंगे या नहीं? पूरा पंडाल एक बार फिर हां से गूंज उठा।