मिशन शक्ति के वैन को हरी झण्डी दिखा सांसद ने किया शुभारंभ

डीएम व एडीजी सहित मौजूद रहे डिस्ट्रिक्ट के तमाम शीर्ष अधिकारी

PRAYAGRAJ: महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शनिवार को मिशन शक्ति का शुभारंभ किया गया। मिशन शक्ति वैन को फूलपुर सांसद केसरी देवी पटेल ने एमएनएनआईटी परिसर में हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस दौरान एडीजी प्रेम प्रकाश व डीएम भानुचंद्र गोस्वामी सहित अन्य अफसर मौजूद रहे। वहीं देर शाम जागरूकता को लेकर शहर में पैदल मार्च किया गया। मार्च के दौरान अफसरों ने मिशन की मंशा से महिलाओं को रूबरू भी कराया। कई जगह एडीजी द्वारा फल वितरण किया गया।

पैदल मार्च कर किया अवेयर

हाथरस कांड के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शासन स्तर से कड़े फैसले लिए जा रहे हैं। इसी के तहत सूबे के प्रत्येक जिले में मिशन शक्ति की लांचिंग की गई। मिशन के तहत शनिवार को तीन प्रोग्राम हुए। पहले मिशन शक्ति वैन को हरी झण्डी दिखाई गई। दोपहर के समय वेबिनार के जरिए अफसरों ने चर्चा किया। शाम को सिटी में जागरूकता को लेकर अधिकारी फोर्स के साथ पैदल मार्च किए। मार्च में शामिल पुलिस के जवान महिलाओं को मिशन शक्ति के प्रति अवेयर किया। अफसरों ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत गठित की जाने वाली टीम में सिर्फ महिला दरोगा व सिपाही काम करेंगी। पीडि़ता की शिकायत पर टीम तत्काल पहुंचकर उनकी मदद करेगी। लांचिंग के वक्त आईजी कवीन्द्र प्रताप सिंह, एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी सहित एसपी यमुना व गंगापार और सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि मिशन शक्ति विचारों को बदलने का एक प्रयास है।

100 रोल मॉडल का होगा चयन

महिला कल्याण तथा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग को 19 अक्टूबर के लिए लीड विभाग नियुक्त किया गया है। सामाजिक संगठन, महिला संगठनों के जागरूक समाज सेवियों की एक समिति बनाकर 100 रोल मॉडल चुने जाएंगे। अफसरों ने बताया कि17 से 25 अक्टूबर का थीम महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन होगा।

महिलाओं को मिलेंगे ये फायदे

- मिशन शक्ति के तहत हर थाने में महिला हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे

- मिशन में शामिल विभागों से संपर्क कर महिलाएं जागरूक की जाएंगी

- फुट पेट्रोलिंग में महिला पुलिस कर्मी महिलाओं को अवेयर करेंगी

- एंडी रोमियो स्क्वायड सहित महिला सुरक्षा के सभी प्रकोष्ठ को सीयूजी नंबर अलॉट होंगे

- महिलाओं से सम्बंधित विशेष प्रकार के अपराध अफसर खुद देखेंगे

- महिला हेल्प लाइन नंबरों का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार होगा

- स्कूल, कॉलेजों में युवतियों व बच्चियों को भी जागरूक किया जाएगा

- पीडि़ता को वन स्टाप सेंटर प्रवेशन व समाज कल्याण अफसर सहायता करेंगे

- समस्त क्षेत्राधिकारी महिला संबंधित क्राइम की रोड समीक्षा करेंगे।