नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी इकाई में मतभेद

दागी पार्षदों के नाम केन्द्रीय मंत्री व पार्टी को देंगी भाजपा महिला पार्षद

BAREILLY:

नगर निगम कार्यकारिणी के रिजल्ट ने एक बार फिर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने का ख्वाब संजो रही भाजपा की शहर इकाई में आपसी फाड़ की कलई खोल दी है। चुनाव में महज एक सीट जीतने का कलंक झेल रही पार्टी में फिलहाल बागी पार्षद विपुल लाला से ज्यादा दागी पार्षदों पर हल्ला मचा हुआ है। चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रही मंजू देवी ने अपनी हार के लिए अपनों को ही जिम्मेदार बताया है। इस हार के बाद पार्टी के अंदर खेमेबाजी शुरू हो गई है। हार के बाद पार्टी का एक धड़ा जहां दागी पार्षदों पर कार्रवाई के लिए एकजुट हो रहा। वहीं दूसरी ओर क्रॉस वोटिंग में शामिल और पार्टी इकाई के फैसले से नाराज नेता अंदर ही अंदर अपना गुट मजबूत कर रहे।

7 ने दिया पाषर्द को दगा

भाजपा उम्मीदवार मंजू देवी अपने पति रूप किशोर के साथ पार्टी में क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्षदों की लिस्ट सौंपने की तैयारी में हैं। कार्यकारिणी चुनाव में महज 6 वोट पाने वाली पार्षद मंजू देवी को पार्टी ने 13 वोट अलॉट किए थे। एक वोट पार्षद के मुताबिक इनमें से एक वोट भाजपा की ही महिला पार्षद रीना गुप्ता का भी था, जो चुनाव के दौरान रद कर दिया गया था। जीत के लिए जरूरी 12 वोट से एक वोट ज्यादा होने के बावजूद पार्षद ने बाहर से एक एक्स्ट्रा वोट मैनेज कर लिया था। लेकिन चुनाव के दौरान पार्टी के ही 7 पार्षदों ने मंजू देवी के खिलाफ क्रॉस वोि1टंग की।

सवर्ण बनाम पिछड़ा

कार्यकारिणी की हार ने पार्टी के अंदर सवर्ण बनाम पिछड़ा वर्ग के विवाद को भी तूल देना शुरू कर दिया है। पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ी मंजू देवी पिछड़ा वर्ग से हैं। वहीं बागी पार्षद बनकर चुनाव जीतने वाले पार्टी के ही विपुल लाला सवर्ण जाति से है। पार्टी के ही अगुवा नेताओं ने क्रॉस वोटिंग के विवाद को सवर्ण बनाम पिछड़ा में बदल दिया है। खुद महिला पार्षद के पति रूप किशोर ने भाजपा में पिछड़ों को पसंद न किए जाने की बात कह पार्टी की नीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्षद पति का बयान ऐसे समय में आया है जब देश के पीएम खुद पिछड़ा वर्ग से हैं।

रिवाज बनी क्रॉस वोटिंग

खुद के साथ हुई दगाबाजी के खिलाफ महिला पार्षद केन्द्रीय मंत्री संतोष कुमार गंगवार से शिकायत दर्ज करने की तैयारी में है। महिला पार्षद संडे को केन्द्रीय मंत्री को पार्टी के दागी पार्षदों की लिस्ट देने का मन बना रही। वहीं कैंट से भाजपा विधायक राजेश अग्रवाल से भी महिला पार्षद दागी पार्षदों के खिलाफ कंप्लेन व कार्रवाई की मांग करेंगी। महानगर अध्यक्ष पुष्पेन्दू शर्मा के सपोर्ट पर ही महिला पार्षद क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही। पिछली बार भी चुनाव में पार्टी के पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा को शर्मनाक हार दिलाने में साथ दिया था। पिछली बार कोई कार्रवाई न होने और इस बार फिर क्रॉस वोटिंग होने पर महिला पार्षद व उनके पति ने इसे पार्टी का रिवाज तक करार दिया है।