रेली (ब्यूरो)। शादियों का सीजन शुरू होते ही टप्पेबाज और उचक्कों का गैंग सक्रिय हो गया है। मुंबई से इंजीनियर बेटी की शादी करने आए इंजीनियर पिता को बेटी की सगाई में ही इस गैंग के मेंबर ने चार लाख की चपत लगा दी। शादी हॉल में सगाई के दौरान उचक्का बैग चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी होने पर इंजीनियर और उनका परिवार सकते में आ गया। इसके बाद आरोपित की तलाश में सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए, जिसमें उच्चका बैग ले जाता हुआ दिखाई दिया। बेटी की शादी करने के बाद इंजीनियर ने बारादरी थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। फुटेज के अधार पर पुलिस अब आरोपित की तलाश में जुट गई है।

न्यूक्लियर कॉर्पोरेशन में हैं इंजीनियर
मूल रूप से आगरा में शास्त्रीपुरम कालोनी सिकंदरा के रहने वाले आलोक कुमार मुंबई में अणुशक्तिनगर के अदयगिरि में डीएएफ क्वाटर्स में रहते हैं। आलोक कुमार न्यूक्लियर एटॉमिक पॉवर कॉर्पोरेशन में इंजीनियर हैं। उन्होंने अपनी बेटी की शादी बरेली शास्त्री नगर के रहने वाले प्रियांश सक्सेना से तय की। 26 नवंबर को तय शादी के लिए वह परिवार के साथ बरेली पहुंच गए। यहां उन्होंने बेटी की शादी के लिए स्पर्श लॉन बुक किया था, जिसमें 25 नवंबर को सगाई और 26 नवंबर को शादी होनी थी। आलोक ने बताया कि सैटरडे को लॉन में सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान रात 9:25 बजे मेहमानों के स्वागत के दौरान उन्होंने अपना बैग कुर्सी पर रख दिया। कुछ क्षण बाद जैसे ही उन्होंने वापस देखा कि बैग गायब था। इसके बाद तो हडक़ंप मच गया। काफी तलाशने के बाद भी बैग नहीं मिला। इंजीनियर पिता के बैग में चार लाख से ज्यादा नकदी और उनके जरूरी पेपर मौजूद थे।

कैमरे में कैद हुए उचक्के
नकदी से भरा हुआ बैग गायब होने के बाद शादी की खुशियों में खलल पड़ गया। बैग की खोजबीन के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखे गए। कैमरे में एक उचक्का बैग ले जाते हुए कैद हो गया। इसके साथ ही आरोपित की पहचान के लिए सगाई के कार्यक्रम की वीडियोग्राफी को भी चेक किया गया। इसमें वह दिखाई दिया। इंजीनियर ने बारादरी पुलिस को उचक्के का फोटो भी दिया है।

तीन ने दिया घटना को अंजाम
सीसीटीवी कैमरे में आरोपित अपने दो साथियों के साथ फरार होता हुआ दिखाई दे रहा है। तीनों ही एक बाइक से फरार हुए हैं। बारादरी पुलिस ने बताया कि आरोपितों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उचक्कों ने पी चाय और सिगरेट
सीसीटीवी कैमरों की मदद से उच्चकों को तलाश किया गया। इस दौरान आखिरी बार उचक्के संजयनगर मोड़ पर एक $ ढाबे पर रुकते हुए दिखाई दिए। यहां तीनों ने चाय और सिगरेट पी थी।

दस हजार का रखा इनाम
इंजीनियर आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस के साथ-साथ वह भी उचक्के की तलाश पूरी शिद्दत से कर रहे हैं। उन्होंने हॉल मालिक से पूरी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मांगी है। इसके साथ ही उन्होंने होटलों के वेटरों पर भी शक जताया। उन्होंने बताया कि आरोपित का फोटो वायरल कर दिया है। आरोपित की जानकारी देने वालों को वह दस हजार का नकद इनाम देंगे।

ध्यान भटकाने को फेंका था सॉस
आलोक कुमार ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले ही किसी ने कपड़ों पर पीछे से सॉस फेंक दिया था। इसके बाद वह बैग अपने रिश्तेदार को देकर वॉशरूम में चले गए थे। इसके बाद आते ही उन्होंने बैग वापस ले लिया था। इसके तुरंत बाद ही उन्होंने एक रिश्तेदार के वेलकम के लिए जैसे ही बैग नीचे रखा वह गायब हो गया।

सर्तक रहे
शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में शादी समारोह को निशाना बनाने वाले कई गिरोह सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में शादी करने वालों को बेहद अलर्ट रहने की जरूरत है। इंजीनियर पिता के साथ हुई यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शादी समारोह में कई घटनाएं हो चुकी हैं। मौका पाते ही अक्सर उचक्के शादी समारोह में शामिल हो जाते हैं और मौका मिलते ही घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। कई घटनाओं में बच्चा गैंग का नाम भी सामने आया है। ऐसे में वर और वधु के परिजनोंं चाहिए है कि वह अलर्ट रहें खासकर मैरिज हॉल में वधु के कमरे की निगरानी करें। किसी अंजान बच्चे तक को एंट्री न दें। मैरिज हॉल या लॉन बुक करते समय यह भी ध्यान रखे की उसमें सेफ्टि के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हैं कि नहीं।