-कड़े मुकाबले में अरविंद श्रीवास्तव और वीपी ध्यानी को किया परास्त

जीत के बाद समर्थकों ने एक दूसरे को खिलाई मिठाई

बरेली : बार चुनाव में अधिवक्ताओं ने फिर घनश्याम शर्मा व अमर भारती पर विश्वास जताया है। कड़े मुकाबले में अध्यक्ष पद पर घनश्याम शर्मा ने 110 वोटों के अंतर से अरविंद श्रीवास्तव को पराजित किया। अमर भारती, वीपी ध्यानी को 78 वोटों से हराकर सचिव बने। उनके समर्थक अंत तक मतगणना स्थल पर डटे रहे।

110 वोटों से हराया

देर शाम तक चली मतगणना में अध्यक्ष पद के विजयी उम्मीदवार घनश्याम शर्मा को 778 वोट मिले। जबकि अरविंद श्रीवास्तव 668 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। अनिल माथुर 241 वोटरों का ही विश्वास जीत पाए। वहीं नीरज शर्मा 202 वोटों पर सिमट गए। अमर भारती 991 वोट पाकर विजयी घोषित हुए हैं। वीपी ध्यानी ने उनका 913 वोटों तक पीछा किया। तीसरे उम्मीदवार नीलकांत पाठक को महज नौ वोट मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अजय कुमार निम 634 वोट पाकर विजयी बने। वह विजय कुमार शर्मा से 114 वोटों से आगे रहे, जिन्हें 520 वोट मिले। ओमप्रकाश गंगवार 513 वोट पाकर तीसरे और विनीत कुमार सिंह 305 वोट पाकर चौथे स्थान तक पहुंचे।

शेर सिंह चुने गए उपाध्यक्ष

उपाध्यक्ष पद पर शेर सिंह गंगवार ने 664 वोट पाकर अजय शर्मा को मात्र 15 वोटों से हराया। रमन सक्सेना 308 वोट पाकर तीसरे, 302 वोट पाकर स्वतंत्र पाठक चौथे स्थान पर रहे। संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर ललित कुमार सिंह ने 866 वोट पाकर बाजी मार ली। ओमजय मृत्युंजय मिश्रा को 570 वोट पाकर दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर रूपेश कुमार संजीव कुमार से 92 वोटों से जीत गए।

यह लोग रहे मौजूद

कोषाध्यक्ष पद पर जयपाल सिंह ने राधारानी शर्मा को 245 वोटों से मात दे दी। वरिष्ठ कार्यकारिणी में आलोक प्रधान, संजीव कुमार, अजय बाबू सक्सेना, अमित गुप्ता, अनूप दीक्षित व धर्म नारायण शर्मा विजयी रहे। कनिष्ठ कार्यकारिणी में अर्पिता सक्सेना, अजय मौर्य, अमित कुमार, अमर सिंह, रीता बिल्हाटिया व अनूप सिन्हा ने बाजी मारी। संयुक्त सचिव प्रकाशन के पद पर रजत मोहन निर्विरोध चुने गए। मतगणना उपमुख्य चुनाव अधिकारी राजीव जयपति व ज्वाला प्रसाद गंगवार की देखरेख में हुई।