- गायत्री नगर में हुए हत्याकांड का खुलासा न होने पर व्यापारियों ने बंद किया बाजार

पब्लिक को हुई परेशानी, ज्यादा दिक्कत पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर बंद होने से

>BAREILLY: गायत्रीपुरम में व्यापारी नेता नरेश सेठी समेत परिवार के 4 सदस्यों के हत्यारे की गिरफ्तारी न होने से खफा व्यापारियों ने फ्राइडे को बाजार बंद कर विरोध जताया। बंदी में सभी व्यापार संगठन, एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए। फिलिंग स्टेशन और मेडिकल स्टोर के बंद रहने से लोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई थी। मेडिसिन, फ्यूल लेने के लिए लोग इधर-उधर भटकते रहे। मार्केट बंद होने की वजह से करीब 50 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ।

शहर के बंद रहे प्रमुख मार्केट

शहर के सिविल लाइंस, श्यामगंज, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, आलमगिरी गंज सहित तमाम प्रमुख मार्केट बंद रहे। सामान्य दिनों में ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझने वाले मार्केट में सन्नाटा पसरा रहा। कुमार टाकीज के सामने व्यापारियों ने एक बैठक भी की। उन्होंने शहर में हो रही इस तरह की वारदात के पीछे पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। व्यापारियों का कहना था कि सरेराह व्यापारियों को लूट लिया जा रहा है। घर में घुसकर हत्या कर दी जा रही है और फिर भी पुलिस व्यापारियों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। इस मौके पर यूपी उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, दर्शन लाल भाटिया, राजेश जसोरिया, राजकुमार राजपूत, शोभित सक्सेना, विशाल मेहरोत्रा, संदीप अग्रवाल, संजय आनंद और रामकृष्ण शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बंद रहे पेट्रोल पंप व मेडिकल स्टोर

मार्केट बंद में पेट्रोल पंप एसोसिएशन और केमिस्ट एसोसिएशन भी शामिल रहे। पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर दोपहर एक बजे तक बंद रहे। जिस वजह से लोगों को फ्यूल और दवा के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। कई लोगों के वाहन का फ्यूल खत्म होने से उन्हें वाहन को धक्का देकर घर ले जाना पड़ा। या फिर दोपहर तक पेट्रोल पंप खुलने का इंतजार करते दिखे। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि, वारदात का खुलासा पुलिस जल्द नहीं करती है, तो व्यापारी अनशन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

मार्केट बंद में यह हुए शामिल

- सर्राफा एसोसिएशन।

- स्वर्णकार संघ।

- यूपी उद्योग व्यापार मंडल।

- यूपी उद्योग व्यापार प्रतिनिध मंडल।

- व्यापारी सुरक्षा फोरम।

- पश्चिमी व्यापार मंडल।

- संयुक्त पश्चिमी व्यापार मंडल।

- डोमेस्टिक गैस एसोसिएशन।

- पेट्रोल पंप एसोसिएशन।

- मर्चेट एसोसिएशन।

- केमिस्ट एसोसिएशन।

व्यापारियों का मार्केट बंद सफल रहा। करीब 50 करोड़ रुपए का कारोबार पर असर पड़ा है। इस बंदी में सभी व्यापार मंडल के लोग शामिल रहे। व्यापारियों के साथ इस तरह की वारदात नहीं रुकती है, तो व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे।

राजेश जसोरिया, युवा अध्यक्ष, यूपी उद्योग व्यापार मंडल