- निगम ने तैयार की कार्य योजना, चलेगा अभियान

- 11 टीमें शहर के सभी वार्डो में चलाएंगी अभियान

बरेली : यह खबर बरेलियंस को झटका दे सकती है, जी हां अब अगर आप अपने घर में कोई व्यापार कर रहे हैं तो अलर्ट हो जाईए क्योंकि अब नगर निगम अब आपसे टैक्स वसूल करेगा, जिसकी रूप रेखा निगम अधिकारियों ने पूर्ण कर ली है। जल्द ही निगम की ओर से अभियान चलाकर सर्वे किया जाएगा।

क्यों पड़ी जरुरत

निगम अफसरों की माने तो शहर में बड़े पैमाने पर डेयरी चल रही हैं, वहीं कहीं वर्कशॉप तो घरों में कोचिंग संचालित हो रही हैं। लेकिन निगम के रिकॉर्ड में इनमें से ज्यादातर या तो केवल आवासीय हैं या आवासीय सह व्यवसायिक। इनमें से किसी से भी वसूली के लिए नोटिस तक नहीं दिया गया है।

पहले यहां चलेगा अभियान

निगम अफसरों के अनुसार शहर के पॉश एरिया जैसे राजेंद्र नगर, डीडीपुरम, सिविल लाइंस आदि में लंबे समय से घरों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं लेकिन निगम रिकॉर्ड में सिर्फ आवासीय दर्ज होने के चलते निगम को राजस्व हानि हो रही है। इसलिए शहर में अभियान चलाकर ऐसे घरों की सूची तैयार की जाएगी।

11 टीमें की गई गठित

शहर के समस्त 80 वार्डो में सर्वे करने ऐसे घरों की सूची तैयार करने के लिए निगम अफसरों ने 11 टीमों का गठन कर दिया गया है। यह टीमें आगामी एक सप्ताह में पूरे शहर का सर्वे कर सूची तैयार कर नगर आयुक्त अभिषेक आनंद को सौंपने के आदेश दिए गए हैं।

वर्जन

शहर के कई घरों में बिना पंजीकरण के डेयरी, कोचिंग समेत अन्य कॉमर्शियल एक्टिविटी की जा रही हैं जिसका निगम में रिकॉर्ड नहीं है। इनसे भी टैक्स वसूला जाएगा, जिसकी कार्य योजना तैयार कर टीमों का गठन कर दिया गया है।

अजित कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त