-विशारतगंज में महिला से छेड़छाड़ के बाद पब्लिक ने किया था पुलिस के हवाले

BAREILLY: फ्राइडे रात विशारतगंज थाना से छेड़छाड़ का आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। अब पुलिस मामले को दबाने में लगी हुई है। पुलिस उसे घर से गायब होने की बात कह रही है। एसपी रुरल ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।

एफआईआर दर्ज करने में की थी देरी

थर्सडे को विशारतगंज के लुहारी गांव में एक महिला के साथ ननकू ने छेड़छाड़ की थी। महिला के विरोध करने पर गांव वालों ने उसे पकड़ लिया था और यूपी 100 को मौके पर बुला लिया। यूपी 100 ने उसे पकड़कर विशारतगंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया था। महिला ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर भी दे दी थी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। एफआईआर दर्ज न होने के चलते उसे थाने में ही बैठाया गया था। फ्राइडे रात ननकू मौका पाकर थाने से भाग गया तो पुलिस में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत ननकू के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया।

यह कहानी गढ़ रही पुलिस

अब थाना पुलिस खुद को बचाने के लिए कहानी गढ़ रही है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर न मिलने के चलते एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। आरोपी भागा नहीं है उसे पिता के सुपुर्द किया गया था। अब वह घर से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

थाना पुलिस ने युवक को छोड़ने की बात से इनकार किया है। तहरीर न मिलने के चलते परिजनों के सुपुर्दगी में आरोपी को दिया गया था। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

यमुना प्रसाद, एसपी रुरल बरेली