गोरखपुर (ब्यूरो).गोरखपुर में गांजा की खेप बिहार से आ रही है। इसकी जानकारी के बाद गोरखपुर पुलिस ने एक युवक को तीन बोरी गांजा के साथ गुरुवार को अरेस्ट किया। युवक के पास से पांच लाख रुपए से भी अधिक कीमत का गांजा मिला। वहीं पूछताछ के बाद इस गैंग में कई और नाम मिले हैं, जिनके लिए सर्विलांस टीम लगी हुई है।

पांच हुक्का बार सील

21 अगस्त को एसपी सिटी की अगुआई में पुलिस टीम ने शहर के 12 रेस्टोरेंट और बार में छापा मारा, जिसमें पांच जगहों पर हुक्का बार चल रहे थे। गोलघर, देवरिया रोड और मेडिकल कॉलेज रोड पर चल रहे पांच हुक्का बार के संचालकों को पुलिस ने अरेस्ट कर वहां से नशीले पदार्थ और हुक्का, पाइप जब्त कर लिया।

अब इनके लाइसेंस होंगे निरस्त

एसपी सिटी ने बताया, शहर के पांच बड़े रेस्टोरेंट में हुक्का बार संचालित हो रहा था। अब इनके खाने-पीने और बार का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई।

इनकी प्रॉपर्टी होगी सीज

अभी तक जिनपर भी एनडीपीएस के तहत कार्रवाई हुई है, उनकी संपत्ति की जांच की जाएगी। जांच कर नशे के कारोबार से धन अर्जित कर अवैध निर्माण करवाने वाले की संपत्ति सीज की जाएगी।

गगहा में भी पकड़ा गया गांजा

गगहा थाने की पुलिस ने शुक्रवार को एक युवक को पकड़ा। उसके पास से 550 ग्राम गांजा मिला। युवक की पहचान बिहार के सिवान निवासी कमरान खान के रूप में हुई।

शुक्रवार को भी चला अभियान

एसपी सिटी के नेतृत्व में शुक्रवार को भी अभियान चलाया गया। इस दौरान कई रेस्टोरेंट और होटल्स में तलाशी ली गई, लेकिन कहीं भी कुछ गड़बड़ नहीं मिली।

ड्रग्स कंट्रोल करने के लिए ऑपरेशन नई उम्मीद अभियान 31 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान के अंतर्गत कई जगहों पर कार्रवाई हुई है। ड्रग्स के धंधे में लिप्त लोगों की अब संपत्ति भी सीज की जाएगी। जहां भी हुक्का बार चल रहे थे, उनके बार और खाने-पीने के लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।

कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी सिटी