-नगर निगम में कार्यकारिणी समिति के 6 सदस्यों का हुआ चुनाव

-तीन भाजपा, दो सपा और एक निर्दल प्रत्याशी निर्विरोध बने सदस्य

-कार्यकारिणी चुनाव में महिलाओं को नहीं दिया मौका

GORAKHPUR: ना हल्ला न गुल्ला ना ही कोई विरोध नगर निगम में इस बार नई कार्यकारिणी के सदस्यों को निर्विरोध चुना गया। मंगलवार को नगर निगम सदन की 16 वीं मीटिंग में नई कार्यकारिणी के 6 सदस्यों का चुनाव हुआ। सुबह से ही लग्जरी गाडि़यों से सफेद खादी वस्त्र धारण किए नेताओं की भीड़ नगर निगम कैम्पस में जमा हुई। ऐसा लगा कि चुनाव बहुत ही कांटे का होगा। लेकिन सभी दलों के नेता मंगलवार को एक मंच पर नजर आए और आपस में सीटों का बड़े आराम से बंटवारा कर लिया। जिसका नतीजा ये रहा 6 सदस्य पद के लिए केवल छह लोगों ने ही नामांकन किया। नामांकन होते ही एक-दूसरे को नई कार्यकारिणी में शामिल नए सदस्य बधाई देने लगे।

नई कार्यकारिणी में शामिल हुए सदस्य

मेयर सीताराम जायसवाल की अध्यक्षता में कार्यकारिणी समिति सदस्य का चुनाव हुआ। कुल 11 पार्षदों द्वारा नामांकन पत्र लिया गया। इसमें पार्षद जियाउल इस्लाम, मो। मतीनउद्दीन, ऋषि मोहन वर्मा, चन्द्र प्रकाश सिंह 'गोली सिंह', राजेन्द्र तिवारी, सबी कुमार, मो। अफरोज उर्फ गब्बर, शहाब अंसारी, अमरनाथ यादव, अभिमन्यू मौर्य, राजेश तिवारी थे। लेकिन तय समय 12.30 से 1.00 बजे तक कुल 6 पार्षद जियाउल इस्लाम, मो। मतीनउद्दीन, ऋषि मोहन वर्मा, चन्द्रप्रकाश सिंह 'गोली सिंह', राजेन्द्र कुमार तिवारी, अफरोज अहमद ने ही नामांकन पत्र जमा किया। जैसा कि 6 सदस्य का चुनाव होना था और 6 ही सदस्यों द्वारा नामांकन पत्र भरा गया इसलिए मेयर द्वारा चुनाव अधिकारी से प्रपत्र प्राप्त कर सदस्यों को निर्विरोध निर्वाचित किये जाने की घोषणा की।

चुनाव में भी नहीं पहुंची सभी महिला पार्षद

आधी आबादी अपने अधिकारों को लेकर कितना सीरियस है। इसका अंदाजा एक बार फिर नगर निगम में देखने को मिला। करीब 8 महिला पार्षद सदन की मीटिंग और चुनाव में खुद पहुंचकर अपनी भागीदारी निभाई। जबकि गोरखपुर के 70 वार्ड में 25 में महिला पार्षद हैं। बाकी 18 महिला पार्षद इस दौरान भी गायब रही, लेकिन उनके पति या रिलेटिव जो असली पार्षद हैं वे जरूर नए सदस्यों का पम्प शो करते नजर आए।

महिलाओं को नहीं दिया मौका

बीजेपी से एकमहिला पार्षद को भी कार्यकारिणी में शामिल किए जाने की बात चल रही थी। मंगलवार को इस बात पर विराम लग गया। ना ही बीजेपी ने महिला कैंडिडेट उतारा ना तो सपा या निर्दल में किसी ने इंट्रेस्ट दिखाया।

पहली बार कार्यकारिणी में तीन अल्पसंख्यक

ऐसा पहली बार हुआ है जब कार्यकारिणी में तीन अल्पसंख्यक सदस्य एक साथ कार्यकारिणी में शामिल हुए हैं। इसमे सपा के जियाउल इस्लाम, मो। मतीनउद्दीन और निर्दल मो। अफरोज उर्फ गब्बर का नाम शामिल है।