- शास्त्री चौक पर मां-बेटी ने मिलकर सिखाया सबक

- टेंपो में कर रहा था छेड़खानी, देवरिया में पोस्टेड है आरोपी

GORAKHPUR : हमें छेड़ोगे तो पिटोगे। ये जज्बा है गोरखपुर की मर्दानियों का। वो अपनी आजादी को किसी भी कीमत पर कुछ बुरी आदतों वाले शोहदों के लिए कुर्बान नहीं करेंगी। कुछ इसी तरह के तेवर दो टीनएजर्स ने ट्यूज्डे को दिखाए। टेंपो में सवार लड़कियों से छेड़खानी कर रहे एक अधेड़ को मां-बेटी ने सरेआम पीटा। पब्लिक ने भी लड़की की आजादी के दुश्मनों की खूब खातिरदारी की। बाद में अधेड़ को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

टेंपो में कर रहा था छेड़खानी

राजघाट एरिया में रहने वाली दो बहनें सिविल लाइंस स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। बड़ी बहन 12वीं की स्टूडेंट है और छोटी 8वीं में पढ़ती है। ट्यूज्डे को दोनों रोज की तरह स्कूल गई थी। करीब 3 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद मां के साथ टेंपो में सवार होकर घर के लिए रवाना हुई। आरोप है कि टेंपो में पहले से बैठा रमेश चंद झा लड़की से छेड़छाड़ करने लगा। लड़की ने टोका तो उसने पैसों की बात कर दी। लड़की ने मां को बात बताई और टेंपो ड्राइवर से टेंपो रोकने को कहा, लेकिन ड्राइवर ने टेंपो नहीं रोका। लड़कियों ने हंगामा मचाया तो टेंपो चालक शास्त्री चौक के पास सबको उतार कर भाग निकला।

शेरनी बनकर टूटी शोहदे पर

टेंपो से उतरते ही मां-बेटी ने मिलकर उसकी धुनाई शुरू कर दी। चप्पल, तमाचे जैसे बन पड़ा, शोहदे को पीट दिया। पब्लिक भी ये सब देखकर हैरान थी, लेकिन माजरा समझते देर न लगी। फिर क्या था, सबने मिलकर छेड़खानी करने वाले अधेड़ को खूब पीटा। हंगामे की खबर मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी अधेड़ को लेकर थाने चली गई।

नशे में चूर होने का था गुरूर

स्टूडेंट के साथ छेड़खानी करने वाला रमेश चंद झा देवरिया जिले के भटनी रेलवे स्टेशन पर खलासी के पद पर तैनात है। वह ट्यूज्डे को गोरखपुर मुख्यालय आया था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो उसने शराब पी रखी थी।

पिपराइच में भी पिटा शोहदा

पिपराइच एरिया में 9वीं क्लास में पढ़ने वाली एक स्टूडेंट ट्यूज्डे को स्कूल के लिए निकली थी। छुट्टी के बाद घर लौटते वक्त एक शोहदे ने उसका दुपट्टा खींचने लगा। छात्रा ने शोर मचाया तो पब्लिक इकट्ठा हो गई। पब्लिक ने शोहदे को जमकर पीटा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। छात्रा की तहरीर पर ताजपीपरा निवासी मंजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।