- चार किमी बाइक चलाकर पहुंचे बाघागाड़ा, पुलिस ने कराया एडमिट

- प्रॉपर्टी के लेनदेन में गोली चलने की जांच में जुटी पुलिस, क्राइम ब्रांच

GORAKHPUR: चौरीचौरा से खेत देखकर लौट रहे पीडब्ल्यूडी के छोटे बाबू को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना खोराबार के रामनगर कड़जहां में हुई। गोली लगने से घायल छोटे बाबू देवेंद्र निषाद बाइक चलाते हुए बाघागाड़ा में पहुंचे। बाइक सहित गिरने पर सिपाहियों ने मामले की जानकारी सीनियर अफसरों को दी। आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। क्राइम ब्रांच, गीडा और खोराबार की पुलिस टीम पहुंची। एसपी नार्थ ने भी घायल और उनके परिजनों से बात की। प्रॉपर्र्टी के लिए 20 लाख रुपए के लेनदेन में घटना की बात सामने आई है।

बदमाश ने मारी गोली, बाइक लेकर भागते रहे देवेंद्र

रामगढ़ताल, गायघाट बुजुर्ग निवासी देवेंद्र निषाद पीडब्ल्यूडी में जूनियर क्लर्क हैं। उनकी भूमि चौरीचौरा के गौनर में है। शनिवार की सुबह छह बजे बाइक से वह खेत देखने चले गए। दोपहर एक बजे वह घर लौट रहे थे। तभी रामनगर कड़जहां के पास फोरलेन पर चढ़ते ही बदमाश ने उनकी पीठ में एक गोली मार दी। गोली लगने पर भी वह नहीं रुके। दूसरी गोली की आशंका में तेज स्पीड से बाघागाड़ा पहुंच गए। वहां चौराहे पर मौजूद सिपाहियों के सामने बाइक सहित गिर पड़े। पुलिस को बताया कि उनको गोली लगी है।

सामने आया लेनदेन का विवाद

कंट्रोल रूम को सूचना देकर कांस्टेबल जिला अस्पताल पहुंचे। घटना की सूचना पर देवेंद्र के छोटे भाई नरेंद्र सहित अन्य लोग पहुंच गए। पुलिस को बताया कि देवेंद्र ने चौरीचौरा के राजू निषाद से भूमि की सौदेबाजी को लेकर 20 लाख रुपए का लेनदेन हुआ था। भूमि न देने पर वह रुपए भी नहीं लौटा रहा था। लोगों ने आरोप लगाया कि राजू ने ही हमला कराया है। यह भी बात सामने आई कि वह साथ ही बैठा हुआ था। गोली मारकर भाग निकला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चार भाई-बहनों में देवेंद्र सबसे बड़े हैं। उनके दो बच्चे हैं। देवेंद्र के पिता शुभकरन कांस्टेबल हैं। उनकी भी तैनाती बस्ती जिले में है। नरेंद्र ने बताया कि उनको परिचितों के जरिए घटना की जानकारी मिली थी।

मामले की छानबीन की जा रही है। घायल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम आरोपित की तलाश में जुट गई है। घायल की हालत डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है।

- मनोज अवस्थी, एसपी नार्थ