गोरखपुर (महेंद्र प्रताप सिंह)।नगर निगम एरिया में चार पिंक टॉयलेट के बाद 6 और टॉयलेट बनाने पर सहमति बनी। इसमें दो का ही काम शुरू हो सका। जबकि चार अभी कागजों में ही है। इनको बनाने के लिए स्थान तो तय हो गया, लेकिन तकनीकि खामियों की वजह से यह शुरू नहीं हो सके। नगर निगम का दावा है कि जल्द ही चारों पिंक टॉयलेट का निर्माण भी शुरू करा दिया जाएगा।

यहां बनने हैं पिंक टॉयलेट

रानी लक्ष्मीबाई पार्क - निर्माणाधीन

लाल डिग्गी पार्क- निर्माणाधीन

वी पार्क- निर्माण शुरू नहीं हुआ

हाल्सीगंज पार्क- निर्माण शुरू नहीं हुआ

बजाज पार्क- निर्माण शुरू नहीं हुआ

पंत पार्क - निर्माण शुरू नहीं हुआ

(नोट: प्रत्येक पिंक टॉयलेट 4 लाख रुपए में तैयार कराया जाएगा.)

यहां बने हैं पिंक टॉयलेट

बीआरडी मेडिकल कॉलेज

रेलवे बस स्टेशन के सामने

महिला चिकित्सालय के पास

इंदिरा बाल बिहार के पास

पिंक टॉयलेट में महिलाएं सहज

पिंक टॉयलेट में महिलाएं जाने में सहज महसूस करती हैं। यहां स्टाप में महिलाएं ही रहती हैं। साथ ही तौलिया, शीशा, हैंडवाश, सेनेट्री नैपकिन आदि की समुचित व्यवस्था रहती है। यहां महिलाओं को इस बात की चिंता भी नहीं रहती है कोई पुरुष आ जाएगा। जबकि सामुदायिक और सार्वजनिक में शौचालय आसपास ही रहते हैं।

सार्वजनिक 68 और सामुदायिक 59 टॉयलेट

नगर निगम एरिया में 68 सार्वजनिक और 59 सामुदायिक टॉयलेट हैं। इसमें नाममात्र शुल्क देकर लोग इसका उपयोग कर रहे हैं। नगर निगम का दावा है कि इसमें साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसकी देखरेख के लिए संस्था की ओर से कर्मचारी तैनात रहते हैं। संस्था की ओर से इसकी पूरी देखरेख की जाती है।

पिंक टॉयलेट से महिलाओं का काफी आसानी होती है। यहां पुरुष नहीं आते हैं, महिला कर्मी होती हैं जिससे सहूलियत होती है। पिंक टॉयलेट की संख्या और बढ़ानी चाहिए।

कांती उपाध्याय, तारामंडल

मार्केट जाने पर पिंक टॉयलेट से दिक्कत नहीं होती है। यहां महिलाओं से जुड़ी चीजें भी आसानी मिल जाती हैं। पिंक टॉयलेट की संख्या अधिक से अधिक होनी चाहिए।

सावित्री सिंह, मोहद्दीपुर

पिंक टॉयलेट के साथ अन्य सामुदायिक और सार्वजनिक टॉयलेट का उपयोग लोग कर रहे हैं। सारी सुविधाएं लोगों के लिए उपलब्ध हैं। नगर निगम एरिया में चार पिंक टॉयलेट हैं, छह और बनने हैं। इसमें दो निर्माणाधीन हैं, चार के बनाने के लिए प्रक्रिया चल रही है।

डॉ। मणिभूषण तिवारी, नोडल अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन

टॉयलेट बुलाएंगे सेल्फी विद मी

वल्र्ड टॉयलेट डे को खास बनाएगा नगर निगम, सजाए जाएंगे टॉयलेट - पांच टॉयलेट के पास बनेंगे सेल्फी प्वाइंट, मोटिवेशनल होंगे स्पीच, वीडियो क्लिप भी बनेगी। नगर निगम वल्र्ड टॉयलेट डे को इस बार यादगार बनाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दिन अवेयरनेस के साथ चार वीडियो क्लिप बनाए जाएंगे। साथ ही पांच टॉयलेट को सजा कर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। इसके पीछे नगर निगम की मंशा है कि लोग टॉयलेट की महत्ता को समझे और साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें। स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी डॉ। मणिभूषण तिवारी ने बताया कि पिंक टायलेट पर विशेष रूप से अवेयरनेस प्रोग्राम चलाया जाएगा। नगर आयुक्त अविनाश सिंह किसी एक टॉयलेट पर पहुंचेंगे। उनके साथ अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र भी मौजूद रहेंगे।

यहां बनाए जाएंगे सेल्फी प्वाइंट

इंदिरा बाल बिहार

वी पार्क

रेलवे बस स्टेशन

पुर्दिलपुर

बीआरडी मेडिकल कॉलेज

वीडियो क्लिप में होगा ये

इस वीडियो क्लिप में खासकर महिलाओं को शामिल किया जाएगा। इसके जरिए ये दिखाया जाएगा कि शौचालय ने महिलाओं के जीवन में क्या-क्या बदलाव लाए। पहले और अब में क्या अंतर है।

टॉयलेट के प्रति अवेयरनेस

एक वीडियो क्लिप अवेयरनेस पर बनाई जाएगी। इसमें नगर निगम में जितने भी शौचालय बने हैं उन्हें यूजर फ्रेंडली बनाने के लिए क्या-क्या व्यवस्था की जाएं। साथ ही खुले में यूरिन न करने आदि पर अवेयर करता हुई क्लिप होगी।

यलो स्पाट होंगे रिमूव

जहां-जहा यलो स्पाट हैं, उनको रिमूव कर एक अच्छा टायलेट बनाया जाएगा। अधिकांश जगह शिकायत रहती है कि यूरिन से पीले कलर की गंदगी हो गई है। इस पर वीडियो क्लिप तैयार होने से लोग जागरूक होंगे।

दिनभर चला विशेष सफाई अभियान

नगर निगम की ओर से शौचालयों की सफाई के लिए शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके साथ ही जिन शौचालयों में जो कमियां थीं उसे दूर कराया गया। नगर निगम के अनुसार शौचालयों को पूरी तरह से चकाचक कर दिया जाएगा, इसके लिए सुबह से ही कर्मी लग गए थे।

गुलाब का फूल देकर होगा स्वागत

नोडल अधिकारी डॉ। मणिभूषण तिवारी ने बताया कि प्रत्येक टॉयलेट के संस्था वालों से कहा गया है कि टॉयलेट डे पर आने वालों से कोई शुल्क न लिया जाए। साथ ही उनका स्वागत गुलाब का फूल देकर किया जाए। साथ ही टॉयलेट की महत्ता के बारे में भी बताया जाए। इससे स्वच्छ भारत मिशन का सपना पूरा होगा। नोडल अधिकारी के अनुसार वल्र्ड टॉयलेट पर प्रोग्राम का फोटो और वीडियो क्लिप स्वच्छता मिशन 2023 के स्वच्छ भारत मिशन के स्वच्छता पोर्टल पर अपलोड होगी।