- स्वरूप नगर में मोटर मैकेनिक से 1500 रुपए वसूली का मामला आया, आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने की डीआईजी से शिकायत

>kanpur@inext.co.in

KANPUR : शहर में खाकी के कारनामों की लिस्ट खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही। कल्याणपुर में लूट पीडि़त को ही जेल भेजने और नवाबगंज में एक दिव्यांग से 1500 रुपए की वसूली के बाद अब स्वरूप नगर में कैंसर पेशेंट मोटर मैकेनिक को वसूली के लिए प्रताडि़त करने का मामला सामने आया है। इस मामले की जानकारी आईपीएस अमिताभ ठाकुर को हुई तो उन्होंने मैकेनिक से फोन पर बात की और इसका ऑडियो भी खुद वायरल कर दिया। साथ ही उन्होंने डीआईजी और एडीजी से शिकायत कर जांच के निर्देश दिए हैं।

चौकी बुलाकर हड़काया

हैलट नहरिया के पास अनूप गौतम बाइक रिपेयरिंग का काम करते हैं। अनूप ने आईपीएस अधिकारी को बताया कि बीते फ्राइडे को हैलट चौकी इंचार्ज के माध्यम से एक बाइक बनने के लिए आई थी। चेक करने के बाद ओरिजनल पार्ट डालने का खर्चा 1500 और लोकल पार्ट का खर्चा 1000 बताया था। इस पर उसे चौकी बुलाकर हड़काया और धमकाया गया। कहा गया कि वह जहां बैठकर काम कर रहा है, सर्किल रेट के हिसाब से पुलिस का इतना पैसा बनता है। अनूप के मुताबिक उस दौरान चौकी इंचार्ज ने उसे 1500 रुपए दे दिए। जिसके बाद उसने बाइक बनाकर दे दी। अनूप का आरोप है कि अब चौकी इंचार्ज 1500 रुपए वापस मांग रहा है।

मामला जानकारी में आया था। सरकारी बाइक मैकेनिक से बनवाई गई थी। मगर उसने बाइक ठीक से नहीं बनाई थी। इसी को लेकर दरोगा ने बात कही थी। पैसा वापस मांगे जाने की बात सही है।

डॉ। अनिल कुमार एसपी वेस्ट

बैकफुट पर खाकी, पैसा वापस

नवाबगंज थाने में तैनात सिपाहियों ने दिव्यांग से 1500 रुपए की वसूली करने के बाद फ्राइडे को पैसा वापस कर दिया। साथ ही दिव्यांग से समझौता नामा पर अंगूठे के निशान भी ले लिए। मामले की जांच सीओ स्वरूप नगर को सौंपी गई है। दिव्यांग मोहम्मद सुबराती का पारिवारिक विवाद हो गया था। जिसमें उसे जेल भेजने का डर दिखाकर सिपाही देवेन्द्र ने 1500 रुपए वसूल लिए थे। मामला अधिकारियों की जानकारी में आया तो फ्राइडे को सिपाही सुबराती के घर पहुंचे और रुपए वापस कर दिए।