- बाढ़ की आशंका के चलते बड़ी संख्या में लोग बच्चों को अपने रिश्तेदारों के घरों में शिफ्ट कर रहे हैं

-वनपुरवा, गंगागंज, मेहरबान सिंह पुरवा में हालात हुए खराब, दूसरी मंजिल पर रखना पड़ रहा घर का सामान

KANPUR: पांडु नदी धीरे-धीरे रौद्र रूप में आ रही है। वाटर लेवल बढ़ने से साउथ सिटी के कई इलाके जलमग्न हो गए है। हालात इतने खराब हो रहे हैं कि संभावित बाढ़ वाले इलाके के लोगों ने बच्चों को रिश्तेदारों के घरों में शिफ्ट कर रहे हैं। वहीं ग्राउंड फ्लोर पर रखा गृहस्थी का सामान दूसरी मंजिल पर रखना पड़ रहा है। पांडु नदी उफनाते ही किनारे के घरों तक पानी पहुंच गया है। सैटरडे को लोगों का सुरक्षित जगहों पर पलायन जारी रहा। हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं पहुंचाई गई।

इन इलाकों पर ज्यादा असर

पांडुनदी का जलस्तर बढ़ जाने से लोगों से सबसे ज्यादा परेशानी मेहरबान सिंह पुरवा, वनपुरवा, पिपौरी, बर्रा आठ, तात्याटोपेनगर, कपली गंगागंज इलाके के लोगों को हो रही है। पानी लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच गया है। कई घरों में गृहस्थी का सामान भीग गया है।

लोगों में दहशत छाई

गंगागंज के अजीत सिंह ने बताया कि परिवार में सात लोग हैं। पहली मंजिल में नदी का पानी पहुंच गया है। इस वजह से पूरा परिवार दहशत में है। वनपुरवा के प्रतीक यादव ने बताया कि पानी का स्तर कब बढ़ जाये कोई भरोसा नहीं है। बच्चों को परेशानी न हो, इस वजह से दादानगर में रिश्तेदार के घर छोड़ आये हैं। वहीं, बर्रा कच्ची बस्ती, वनपुरवा में दूसरे दिन भी लोग सामान लेकर सुरक्षित जगह पर पहुंचे।

पानी में करंट उतरने का खतरा

बर्रा आठ कच्ची बस्ती के बीच हाई और लो टेंशन लाइन निकली है। लो टेंशन लाइन की तार इतनी ज्यादा नीचे हैं कि पानी और लाइन के बीच सिर्फ एक फिट की दूरी ही रह गई है। ऐसे में पानी में करंट उतरने का भी खतरा है।