10 को होगा सदन, चुने जाएंगे 6 नए कार्यकारिणी सदस्य

- मेयर ने नगर आयुक्त को दिए व्यवस्था करने के निर्देश

LUCKNOW

लंबे इंतजार के बाद सदन आयोजन की तारीख तय हो गई है। 10 जनवरी को सदन का आयोजन होगा। इस सदन में मुख्य रूप से कार्यकारिणी के 6 नए सदस्यों का चयन होना है। हालांकि यह भी साफ है कि इस सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर मंथन शायद ही हो सके।

2 वर्ष का कार्यकाल पूरा

बता दें कि 12 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति में 6 सदस्य अपने 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर रिटायर हो चुके हैं। जिनमें भाजपा से उपाध्यक्ष अरुण तिवारी, विजय गुप्ता, सुनीता सिंघल, राजेश सिंह गब्बर, सपा से मोहम्मद सगीर एवं कांग्रेस से गिरीश मिश्र हैं। अब मात्र 6 सदस्य ही कार्यकारिणी समिति में हैं, जिनमें भाजपा से कौशलेंद्र द्विवेदी, सुधीर कुमार मिश्रा, कुमकुम राजपूत, नागेंद्र सिंह चौहान, सपा के मोहम्मद सलीम, शैलेन्द्र सिंह बल्लू हैं।

होने हैं चुनाव

सदन के आयोजन का मुख्य उद्देश्य कार्यकारिणी के 6 रिक्त पदों के लिए चुनाव कराया जाना है। पिछली बार सर्वसम्मति से 6 सदस्यों का चयन किया गया था। जानकारों की माने तो इस बार भी चुनाव की जरूरत नहीं पड़ेगी। मेयर संयुक्ता भाटिया ने नगर आयुक्त डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी को व्यवस्था करने और सभी पार्षदों को समय से सूचना देने के निर्देश दिए हैं।