- मरीजों और तीमारदारों को करना पड़ रहा है खासी दिक्कतों का सामना

LUCKNOW:

लोहिया हॉस्पिटल ब्लॉक की सभी चारों लिफ्ट खराब पड़ी हैं। जिसके चलते मरीजों और तीमारदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तीमारदार पांच मंजिल तक मरीज को स्ट्रेचर से खींच कर ले जाने को मजबूर हैं। लोहिया में 467 बेड हैं। इनमें करीब 350 बेड पर मरीजों की भर्ती हो रही है। हॉस्पिटल ब्लॉक पांच तल का है। चार लिफ्ट हैं। मरीजों को शिफ्ट करने के लिए तीन लिफ्ट हैं। चौथी लिफ्ट डॉक्टर व कर्मचारियों के लिए है। बीते हफ्ते तीन लिफ्ट खराब हो गई थीं। मरीजों को वार्ड में शिफ्ट करने में खासी अड़चनों का सामना करना पड़ा। लंबी जद्दोजहद के बाद अधिकारियों ने लिफ्ट दुरुस्त कराई। एक हफ्ते बाद दोबारा सभी चारों लिफ्ट बिगड़ गई।

मरीज शिफ्ट करने में भी दिक्कत सबसे ज्यादा दिक्कत पांचवे फ्लोर पर शिफ्ट होने वाले मरीजों को झेलनी पड़ रही है। तीमारदार व्हीलचेयर व स्ट्रेचर खींचकर वार्ड तक ले जा रहे हैं। सर्जरी,हड्डी, महिला, मेडिसिन समेत दूसरे वार्ड हैं। तीमारदारों का कहना है कि लिफ्ट ठीक न होने से खासी दिक्कतें हो रही हैं। डिस्चार्ज के बाद मरीज को नीचे उतारना भी कठिन है।

24 घंटे में ही हो गई खराब

कर्मचारियों का आरोप अधिकारी लिफ्ट दुरुस्त कराने में आनाकानी कर रहे हैं। बीते हफ्ते कामचलाऊ तरीके से लिफ्ट ठीक कराई गई थीं। दो लिफ्ट तो 24 घंटे बाद ही झटके लेने लगी थीं। खराब होने के डर से उनका इस्तेमाल बंद कर दिया गया था। बाद में लिफ्ट का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। कर्मचारियों का कहना है कि विलय के बाद हॉस्पिटल के हालात बदतर हो रहे हैं।