- चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने ऑक्सीजन लिक्विड प्लांट का किया शुभारंभ

LUCKNOW:लोहिया कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन लिक्विड प्लांट का उद्घाटन बुधवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने किया। अब यहां भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन की कमी की समस्या से नहीं जूझना होगा। अब यहां 200 बेड में एक साथ ऑक्सीजन सप्लाई हो सकेगी।

मिलेगी डायरेक्ट सप्लाई

लोहिया कोविड अस्पताल में 200 बेड के साथ आईसीयू के 150 बेड हैं और एचडीयू की सुविधा है। अभी यहां पाइप लाइन से ऑक्सीजन की सप्लाई होती थी। अब प्लांट शुरू होने से सभी बेड पर भर्ती मरीजों को एक साथ ऑक्सीजन दी जा सकेगी। यहां ऑक्सीजन टैंक की क्षमता 10 दिन तक निर्बाध ऑक्सीजन देने की है।

40 हजार लीटर है क्षमता

इस दौरान चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि यहां जल्द सीटी स्कैन मशीन लगाई जाएगी। लोहिया संस्थान ने कोरोना काल में अच्छा काम किया है। वहीं, निदेशक डॉ। एके सिंह ने कहा कि लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता करीब 40 हजार लीटर की है। इससे कोरोना मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी। इस दौरान लोहिया संस्थान के फैकल्टी फोरम ने बकाए भत्ते की मांग की, जिसे मंत्री ने पूरा करने का आश्वासन दिया।

118 संक्रमित और 187 डिस्चार्ज

राजधानी में बुधवार को कोरोना संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई, वहीं नए संक्रमितों की तुलना में डिस्चार्ज होने वालों की संख्या भी अधिक दर्ज की गई। बुधवार को राजधानी में कुल 118 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, वहीं 187 लोगों को कोरोना से ठीक होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया।

होम आइसोलेशन में 98 फीसद ठीक

कोविड प्रोटोकाल के तहत बुधवार को 53 मरीजों को अस्पताल आवंटित किए गए और देर शाम तक 20 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं 33 मरीजों ने होम आइसोलेशन का अनुरोध किया। राजधानी में अब एक्टिव होम आइसोलेट मरीजों की संख्या 1,198 हो गई है। वहीं 59,517 मरीज होम आइसोलेशन में ठीक हो चुके हैं। होम आइसोलेशन में ठीक होने की दर 98 फीसद है।

9113 सैंपल लिए गए

सर्विलांस एवं कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर टीमों ने 9113 लोगों के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू भेजे। कोविड कंट्रोल रूम से 1085 होम आइसोलेट मरीजों से स्वास्थ्य की जानकारी ली गई और हेलो डॉक्टर सेवा पर 53 मरीजों ने सलाह ली।

बाक्स

यहां मिले संक्रमित

एरिया संख्या

रायबरेली रोड 13

चौक 12

गोमतीनगर 11

इंदिरानगर 10

नोट- अन्य एरिया में भी संक्रमित मिले हैं।