लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी के सरकारी अस्पतालों में बुखार से पीडि़त मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ओपीडी में करीब 40 फीसदी तक बुखार के मरीज सामने आ रहे हैं। वहीं, लक्षणों के आधार पर डॉक्टरों द्वारा मरीजों की डेंगू जांच कराई जा रही है। जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो रही है। साथ ही प्लेटलेट्स की भी डिमांड बढ़ गई है। पहले जहां 150 यूनिट प्लेटलेट्स की रोज जरूरत पड़ती थी। वो अब बढ़कर 350 से ऊपर हो गई है।

बढ़े बुखार के मरीज

सिविल, बलरामपुर, केजीएमयू, लोहिया समेत अन्य सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बड़ी संख्या में रोजाना करीब तीन सौ से अधिक बुखार के मरीज दिखाने के लिए पहुंच रहे हैं। इन बुखार के मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो रही है। इसके अलावा निजी अस्पताल में भी डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। डेंगू की जांच कार्ड और एलाइजा दोनों से हो रही है। जिसमें कार्ड से रोजाना 15 से 20 और एलाइजा से 10 से 15 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। वहीं, डॉक्टर्स का कहना है कि डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए अब 3 से 4 यूनिट प्लेटलेट्स की जरूरत पड़ रही है।

तीन गुना तक बढ़ गई डिमांड

केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की एचओडी प्रो। तूलिका चंद्रा के मुताबिक पहले के मुकाबले प्लेटलेट्स की डिमांड बढ़ी है। आजकल रोजाना 100 यूनिट से अधिक तक प्लेटलेट्स की डिमांड बढ़ गई है। जबकि पहले इसके आधे तक की ही डिमांड रहती थी। वहीं, लोहिया संस्थान के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ। विजय कुमार शर्मा के मुताबिक प्लेटलेट्स की डिमांड बढ़ी हुई है। पहले के मुकाबले डिमांड डबल हो गई है। पहले डिमांड 15 से 20 की थी। जो अब बढ़कर 28 से 40 यूनिट तक पहुंच गई है।

डेंगू के मरीजों को पड़ रही जरूरत

बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ। जीपी गुप्ता के मुताबिक 6 मरीज भर्ती हैं। वहीं, रोजाना 5 से 6 यूनिट प्लेटलेट्स की जरूरत पड़ रही है। लोकबंधु अस्पताल के एमएस डॉ। अजय शंकर त्रिपाठी के मुताबिक अस्पताल में 16 मरीज है। वहीं, रोजाना 15 से 20 यूनिट प्लेटलेट्स की जरूरत पड़ रही है। जबकि पहले प्लेटलेट्स की जरूरत नहीं पड़ती थी। वहीं, सिविल अस्पताल सीएमएस डॉ। आरपी सिंह के मुताबिक डेंगू के करीब 3 मरीज भर्ती है। रोजाना 8 से 10 लोग प्लेटलेट्स लेने के लिए पहुंच रहे है।

इस तरह बढ़ी प्लेटलेट्स की डिमांड

अस्पताल अब डिमांड

केजीएमयू 100 यूनिट

बलरामपुर अस्पताल 06 यूनिट

लोकबंधु अस्पताल 20 यूनिट

सिविल अस्पताल 10 यूनिट

लोहिया संस्थान 40 यूनिट

नोट- डिमांड अधिकतम यूनिट के अनुसार है।

किस अस्पताल में डेंगू के कितने मरीज

अस्पताल भर्ती मरीज

सिविल अस्पताल 03 मरीज

लोकबंधु अस्पताल 16 मरीज

बलरामपुर अस्पताल 06 मरीज

नोट- मरीजों की संख्या सोमवार शाम तक की है।