लखनऊ (ब्यूरो)। उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम की भवन शाखा में कर्मचारियों की भारी कमी है। आलम यह है कि वर्तमान समय में आधे से अधिक पद खाली हैं। वहीं मौजूदा समय में कार्यरत अधिकांश कर्मी भी सेवानिवृत्ति की कगार पर हैं। ऐसे में भवन शाखा में जल्द खाली पदों पर भर्ती नहीं हुई तो यह शाखा बंदी की कगार पर पहुंच जाएगी। परिवहन निगम के भवनों के रखरखाव और नए भवनों के निर्माण का काम भवन शाखा के जिम्मे है। वर्तमान समय में भवन शाखा में स्वीकृत पदों के मुकाबले आधे भी पद भरे नहीं हैं। साथ ही इस शाखा में हर वर्ष किसी न किसी कर्मी के सेवानिवृत्त होने से कार्यरत कर्मियों की संख्या भी कम होती जा रही है। परिवहन निगम की भवन शाखा में कुल 97 पद स्वीकृत हैं। कुल स्वीकृत पदों के मुकाबले वर्तमान में 32 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। इस प्रकार भवन शाखा में कुल 65 पद खाली हैं। हाल फिलहाल भवन शाखा के खाली पदों पर भर्ती को लेकर परिवहन निगम प्रबंधन की ओर से कोई प्रस्ताव भी नहीं बनाया गया है।

सिविल के 22 तो विद्युत के सभी पद खाली

परिवहन निगम की भवन शाखा में अवर अभियंता सिविल के कुल 34 पद स्वीकृत हैं। इनमें से वर्तमान समय में 22 पद खाली हैं। अवर अभियंता सिविल पद पर कुल कार्यरत कर्मियों की संख्या सिर्फ 12 है। इसी प्रकार अवर अभियंता विद्युत के सभी पद काफी समय से खाली चल रहे हैं। अवर अभियंता विद्युत के कुल 3 पद स्वीकृत हैं और मौजूदा समय में सभी पद खाली हैं। ऐसे में अवर अभियंता विद्युत का काम किस प्रकार चलाया जा रहा हैए यह खुद समझा जा सकता है। अवर अभियंता सिविल पद पर तैनात एक कर्मी जुलाई 2023 में जबकि वर्ष 2024 में तीन कर्मी सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

अन्य पद भी चल रहे खाली

परिवहन निगम की भवन शाखा में अधिशाषी अभियंता के कुल दो पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में एक अधिशाषी अभियंता कार्यरत हैं, जबकि दूसरे अधिशाषी अभियंता का काम प्रभार देकर चलाया जा रहा है। वहीं सहायक अभियंता के कुल स्वीकृत 9 पदों के मुकाबले 4 पद ही भरे हैंए जबकि 5 पद खाली चल रहे हैं। अवर अभियंता प्राविधिक के 4 पद स्वीकृत हैं। इनमें दो पद पर कर्मी तैनात हैं जबकि दो पद खाली है। मानचित्रकार के कुल 11 पद स्वीकृत हैं और दो पद पर ही कर्मी तैनात हैं जबकि 9 पद खाली हैं। इसी प्रकार सहायक वर्क सुपरवाइजर के कुल स्वीकृत 34 पदों के मुकाबले सिर्फ 11 कर्मी ही कार्यरत हैं। सहायक वर्क सुपरवाइजर के कुल 23 पद खाली हैं। सहायक वर्क सुपरवाइजर पद पर तैनात एक कर्मी अगले वर्ष अक्टूबर में सेवानिवृत्त हो जाएगा, जिसके बाद एक और पद खाली हो जाएगा।