लखनऊ (ब्यूरो)। खालसा पंथ के संस्थापक, सरबंसदानी, मानवता के रहिबर, महान कवि साहिबे कमाल साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज का प्रकाश पर्व श्री गुरु सिंह सभा की ओर से डीएवी इंटर कालेज के मैदान ऐशबाग में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मत्था टेका।

शाही सवारी निकाली गई

आयोजन की शुरुआत श्री अखंड पाठ साहिब के साथ हुआ। इसके बाद पांच प्यारों की अगुवाई में समूह साध संगत द्वारा श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की शाही सवारी को शबद कीर्तन गायन करते हुए गुरुद्वारा साहिब से नाका हिंडोला होते हुए डीएवी कालेज ऐशबाग रोड में सजे पंडाल में ले जाया गया। भव्य पंडाल बहुत खूबसूरती से सजाया गया था, जिसमें फूलों से सुसज्जित भव्य स्टेज पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश किया गया। रागी जत्था भाई राजिंदर सिंह द्वारा पवित्र आसा दी वार का अमृतमयी कीर्तन से कार्यक्रम आरंभ हुआ। सुबह से ही लखनऊ एवं आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे तथा पंक्तियों में खड़े होकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन के बाद अपना स्थान ग्रहण कर गुरुबाणी का रसपान किया। आकाशवाणी लखनऊ केंद्र द्वारा आधे घंटे का सीधा प्रसारण करके प्रदेश भर की संगतों को कार्यक्रम का रसास्वादन कराया गया।

शबद कीर्तन से किया निहाल

श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बग्गा ने इस अवसर पर उपस्थित संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई दी तथा बधाई संदेश आकाशवाणी लखनऊ द्वारा भी प्रसारित किया गया। विशेष रूप से पधारे भाई कारज सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर वालों ने अपनी मधुरवाणी में तही प्रकाश हमारा भयो, पटना शहर विखे भव लयोशबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को निहाल किया। इसके बाद मुख्य ग्रंथी ज्ञानी सुखदेव सिंह ने साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह के जीवन पर दिल को छू देने वाले विचार व्यक्त किये। रागी जत्था भाई जगतार सिंह जम्मू वालों ने देह सिवा बर मोहि इहै सुभ करमन ते कबहूं न टरोंशबद कीर्तन गायन कर संगतों को मंत्रमुग्ध कर दिया। माता गुजरी सत्संग सभा, लखनऊ की सदस्याओं एवं सिमरन साधना परिवार ने भी इस कार्यक्रम में शबद कीर्तन गायन किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

लंगर वितरित किया गया

डीएवी इंटर कालेज में दिन भर गुरबाणी कीर्तन तथा गुरमत विचारों का कार्यक्रम चला, जिसका संचालन सतपाल सिंह मीत ने किया। समागम में लंगर के वितरण की सेवा सिख यंग मेन्स एसोसिएशन एवं दशमेष सेवा सोसाइटी द्वारा की गयी। कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संगत की सेवा आइसक्रीम, ब्रेड, छोले, जलेबी, कड़ी चावल, मक्के की रोटी सरसों का साग आदि अनेक तरह के व्यंजनों के स्टाल लगाकर की गई। हजारों की संख्या में लोगों ने लंगर ग्रहण किया। अरदास के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिये पूर्व डिप्टी सीएम डॉ। दिनेश शर्मा, महापौर संयुक्ता भाटिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।