- अभी तक एक बार भी सामान्य सदन का आयोजन नहीं हुआ
- तीन माह में सिर्फ एक बार ही कार्यकारिणी की बैठक हुई
LUCKNOW
वक्त गुजरता जा रहा है लेकिन अभी तक सदन के आयोजन की तारीख तय होती नजर नहीं आ रही है। जिससे पार्षद खासे परेशान हैं और मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द सदन का आयोजन किया जाए। जिससे वार्ड में विकास कार्यो को रफ्तार मिल सके।
होली के बाद उम्मीद
पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि होली के तत्काल बाद सदन का आयोजन होगा लेकिन मार्च माह का तीसरा सप्ताह समाप्त होने को है लेकिन अभी तक सदन की तारीख तय नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप विपक्षी पार्षद आक्रोशित हैं।
कार्यकारिणी की भी यही स्थिति
जानकारों की माने तो निगम नियमावली 89 के अनुसार, हर माह कार्यकारिणी की एक बैठक होनी चाहिए। शहर सरकार का गठन हुए तीन माह हो गए हैं लेकिन अभी तक सिर्फ एक बार ही कार्यकारिणी की बैठक हुई है। इसी तरह हर दो माह में एक बार सामान्य सदन का आयोजन किया जाना चाहिए लेकिन अभी तक एक बार भी सदन का आयोजन नहीं हुआ है।
सिर्फ विशेष सदन
अभी तक सिर्फ एक बार ही विशेष सदन बुलाया गया है। जानकारों की माने तो विशेष सदन तो कई बार बुलाए जा सकते हैं। इस दिशा में भी कोई कदम आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है।
विकास पर असर
पार्षदों की माने तो समय से सदन न होने से वार्डो में होने वाले विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। परिणामस्वरूप जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों की मांग है कि जल्द से जल्द सदन आयोजित होना चाहिए, जिससे विकास कार्य शुरू हो सकें।
अभी तक सदन का आयोजन नहीं किया गया है। जबकि अब तक एक बार सामान्य सदन हो जाना चाहिए था। वहीं यह भी साफ नहीं है कि सदन कब बुलाया जाएगा। इसका सीधा असर वार्डो में देखने को मिल रहा है। सदन के बाद ही विकास कार्यो को रफ्तार मिलेगी।
सैय्यद यावर हुसैन रेशू, पार्षद वार्ड 44
हम सभी सदन का इंतजार कर रहे हैं। अभी तक सदन न होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जनता हमसे सवाल पूछ रही है। हमारी मांग है कि जल्द से जल्द सदन का आयोजन किया जाए, जिससे विकास कार्य शुरू हो सकें।
शफीकुर्रहमान, पार्षद वार्ड 42
इस माह के अंतिम सप्ताह तक हर हालत में सदन बुला लिया जाएगा। हमारी ओर से इस दिशा में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सदन की तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
संयुक्ता भाटिया, मेयर