- ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लॉ एंड आर्डर की पहल पर बनाया गया ऑक्सीजन बैंक

LUCKNOW: कोरोना मरीजों को अब ऑक्सीजन के लिए परेशानियों का सामना नहीं करना होगा। वे ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए पुलिस की ओर से बनाए गए ऑक्सीजन बैंक से संपर्क कर सकते हैं।

लोगों को मिल सके मदद

लखनऊ के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लॉ एंड आर्डर पीयूष मोर्डिया ने बताया कि यह विचार उस समय आया जब देखा गया कि बाजार में ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी है और हम लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में सिलेंडर बैंक बना सकते हैं। इससे न सिर्फ आम लोगों को बल्कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवार को भी तत्काल राहत मिल सकेगी। यह ऑक्सीजन बैंक डालीगंज स्थित ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कानून और व्यवस्था कार्यालय में बनाया गया है।

दिया जाएगा खाली सिलेंडर

पीयूष मोर्डिया ने बताया कि जरूरतमंदों को खाली सिलेंडर सात दिन के लिए दिया जाएगा। लोग इसे सरोजिनी नगर, आलमबाग या कृष्णानगर स्थित संयंत्रों से ऑक्सीजन भरा सकता हैं। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य उन लोगों को सहायता पहुंचाना है, जो अस्पताल में भर्ती होने पर असमर्थ हैं। लोगों को यह सिलेंडर सात दिन बाद वापस करना होगा।

दिखाना होगा आधार कार्ड

यहां पर ऑक्सीजन सिलेंडर डॉक्टर का पर्चा और आधार कार्ड दिखाने के बाद ही दिया जाएगा। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लॉॅ एंड आर्डर ने बताया कि इसके लिए एनजीओ और निजी कंपनी के सहयोग से 24 सिलेंडर का एक पूल बनाया है।